KANPUR NEWS : उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष एवं कानपुर के महाराजपुर से विधायक सतीश महाना के एक वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर चल रहे विवाद के बीच उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट के जरिए सफाई दी है। उन्होंने वायरल वीडियो को लेकर लोगों से सही तथ्यों को समझने और किसी भी प्रकार का भ्रम न फैलाने की अपील की।
स्पीकर सतीश महाना ने कहा कि उन्नाव में उन्हें ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ दिए जाने के दौरान संयोगवश उसी समय प्रेक्षागृह (ऑडिटोरियम) के भीतर राष्ट्रगान शुरू हुआ था। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिस स्थान पर राष्ट्रगान हो रहा था, वहां उनकी उपस्थिति नहीं थी और दोनों कार्यक्रम पूरी तरह अलग-अलग थे। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर कुछ वीडियो साझा कर ऐसा भ्रामक विश्लेषण किया जा रहा है, मानो राष्ट्रगान के समय वह रुके नहीं। महाना ने इसे पूरी तरह गलत बताते हुए कहा कि ऐसा बिल्कुल भी नहीं हुआ।
सोशल मीडिया पर एक और वीडियो वायरल है जोकि सतीश महाना के पक्ष में वायरल है !
इस वायरल वीडियो को महाना के समर्थक अपने अपने सोशल मीडिया अकाउंट से शेयर कर रहे हैं, जिसमे वो बता रहे हैं कि उस वक़्त का ये असली वीडियो है । लेकिन वीडियो की असलियत क्या है ये जाँच का विषय है । फ़िलहाल सतीश महाना ने अपने फेसबुक पेज से एक पोस्ट के माध्यम से उस वायरल वीडियो को भ्रामक बताया है, और भृम न फैलाने की अपील की है । आगे महाना ने कहा कि उत्तर प्रदेश विधानसभा से लेकर अपने विधानसभा क्षेत्र तक हर अवसर और हर स्थान पर उन्होंने, उनके कार्यकर्ताओं तथा सहयोगियों ने संविधान और राष्ट्रगान का सदैव सर्वोच्च सम्मान किया है और आगे भी करते रहेंगे।
पोस्ट में सतीश महाना ने मीडिया के सम्मानित साथियों और पत्रकारों से भी अपील की कि किसी भी विषय पर चर्चा करने से पहले तथ्यों की सत्यता की जांच जरूर कर ली जाए। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो के आधार पर अधूरी जानकारी के साथ किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से भ्रम की स्थिति पैदा हो सकती है। महाना की इस सफाई के बाद अब राष्ट्रगान और गार्ड ऑफ ऑनर से जुड़े वायरल वीडियो को लेकर उनके पक्ष की स्थिति सामने आ गई है। उन्होंने पूरे घटनाक्रम को दो अलग-अलग कार्यक्रमों का संयोग बताते हुए राष्ट्रगान के प्रति अपने सम्मान को स्पष्ट किया है। सोशल मीडिया पर सतीश महाना के द्वारा पोस्ट की गई अपील पढ़ें ।

ये खबर भी पढ़ें : राष्ट्रगान विवाद पर कांग्रेस का सतीश महाना के खिलाफ प्रदर्शन, पुतला फूंकने की कोशिश, पुलिस ने छीना पुतला, महाना बोले- सोशल मीडिया पर फैलाया जा रहा भ्रम

