अल अमीरात। भारत की अंडर-19 क्रिकेट टीम ने एशिया कप के फाइनल में पाकिस्तान को एक विकेट से हराकर ऐतिहासिक जीत दर्ज की। आखिरी गेंद तक चले रोमांचक मुकाबले में मोहित उल्वा ने चौका लगाकर भारत को चैंपियन बना दिया। इस जीत के साथ ही भारतीय टीम ने नौवीं बार अंडर-19 एशिया कप की ट्रॉफी अपने नाम कर ली। 338 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम एक समय मुश्किल में नजर आ रही थी। लगातार विकेट गिरने से पाकिस्तान की जीत लगभग तय मानी जा रही थी, लेकिन मोहित उल्वा ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए मुकाबले का रुख पलट दिया।

आखिरी गेंद पर चौका लगाकर भारत को दिलाई जीत
भारतीय टीम को आखिरी ओवर में जीत के लिए 8 रन की जरूरत थी और उसके हाथ में केवल एक विकेट बचा था। पाकिस्तान की ओर से अहमद हुसैन गेंदबाजी करने आए। ओवर की पांचवीं गेंद पर चिगुरुपति वेंकट ने एक रन लेकर मोहित को स्ट्राइक दी। अब आखिरी गेंद पर भारत को जीत के लिए तीन रन चाहिए थे। मोहित उल्वा ने दबाव में शानदार शॉट खेलते हुए गेंद को लॉन्ग ऑफ के ऊपर से बाउंड्री के पार पहुंचा दिया। उनके इस चौके के साथ ही भारतीय टीम ने एक विकेट से मुकाबला जीत लिया। मोहित ने 26 गेंदों पर नाबाद 49 रन बनाए। उनकी पारी में पांच छक्के और तीन चौके शामिल रहे। जीत के बाद मैदान पर भारतीय खिलाड़ियों ने जमकर जश्न मनाया और मोहित तिरंगा लपेटकर मैदान में दौड़ते नजर आए।

लक्ष्य रायचंदानी और आर्यवीर सहवाग का शानदार योगदान
338 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत को कप्तान लक्ष्य रायचंदानी और आर्यवीर सहवाग ने अच्छी शुरुआत दिलाई। लक्ष्य ने 80 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली, जबकि आर्यवीर सहवाग ने 58 रन बनाकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। हालांकि, मध्यक्रम के बल्लेबाज बड़ी साझेदारी करने में नाकाम रहे और लगातार विकेट गिरने से भारतीय टीम दबाव में आ गई। एक समय 252 रन पर भारत के आठ विकेट गिर चुके थे। ऐसे में पाकिस्तान की टीम खिताब जीतने के करीब पहुंच गई थी।
मोहित ने आखिरी विकेट के लिए जोड़े 30 रन
मुश्किल परिस्थितियों में मोहित उल्वा ने जिम्मेदारी संभाली। उन्होंने पहले मानल चौहान के साथ 57 रनों की अहम साझेदारी की। मानल के आउट होने के बाद भी मोहित ने हार नहीं मानी और चिगुरुपति वेंकट के साथ आखिरी विकेट के लिए 30 रन जोड़कर टीम को जीत के करीब पहुंचाया। पाकिस्तान की टीम आखिरी समय तक जीत की उम्मीद लगाए बैठी थी, लेकिन मोहित की आक्रामक बल्लेबाजी ने उसकी उम्मीदों पर पानी फेर दिया। आखिरी गेंद पर चौका लगते ही भारतीय खिलाड़ियों में खुशी की लहर दौड़ गई। इस यादगार जीत के साथ भारत ने एक बार फिर अंडर-19 एशिया कप में अपनी बादशाहत साबित करते हुए नौवीं बार खिताब जीत लिया।

