उत्तर प्रदेश

राष्ट्रगान विवाद पर कांग्रेस का सतीश महाना के खिलाफ प्रदर्शन, पुतला फूंकने की कोशिश, पुलिस ने छीना पुतला, महाना बोले- सोशल मीडिया पर फैलाया जा रहा भ्रम

कांग्रेस ने मेस्टन रोड पर किया जोरदार प्रदर्शन, विधानसभा अध्यक्ष से माफी और पद से हटाने की मांग; सतीश महाना ने सफाई देते हुए कहा- राष्ट्रगान के समय मौजूद नहीं था, दोनों कार्यक्रम अलग थे ।

Share

KANPUR NEWS। राष्ट्रगान से जुड़े विवाद को लेकर कानपुर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रविवार को विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना के खिलाफ प्रदर्शन किया। ग्रामीण कांग्रेस जिलाध्यक्ष संदीप शुक्ला के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने मेस्टन रोड पर नारेबाजी की और महाना की तस्वीर लगा प्रतीकात्मक पुतला फूंकने का प्रयास किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पुतला छीन लिया और आग बुझा दी। कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आरोप है कि सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में सतीश महाना राष्ट्रगान समाप्त होने से पहले कार्यक्रम स्थल से निकलकर कार में बैठते नजर आ रहे हैं। इसी को लेकर कांग्रेस ने उनके खिलाफ विरोध जताया और विधानसभा अध्यक्ष से माफी मांगने के साथ पद से हटाने की मांग की।


मेस्टन रोड से कोतवाली चौराहे तक प्रदर्शन

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मेस्टन रोड से कोतवाली चौराहे तक नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति से राष्ट्रगान के प्रति पूरी गरिमा और सम्मान की अपेक्षा होती है, प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ता सतीश महाना की तस्वीर वाला प्रतीकात्मक पुतला लेकर पहुंचे। जैसे ही उसमें आग लगाने की कोशिश की गई, पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप कर पुतला अपने कब्जे में ले लिया।


संदीप शुक्ला बोले- महाना को माफी मांगनी चाहिए

ग्रामीण कांग्रेस जिलाध्यक्ष संदीप शुक्ला ने कहा कि राष्ट्रगान से जुड़े मामले में विधानसभा अध्यक्ष को सामने आकर माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि राष्ट्रगान समाप्त होने से पहले वहां से चले जाना गंभीर विषय है। कांग्रेस ने महाना को विधानसभा अध्यक्ष पद से हटाने की मांग भी दोहराई।


सतीश महाना ने दी सफाई- राष्ट्रगान के समय वहां मौजूद नहीं था

विवाद के बीच सतीश महाना ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए अपना पक्ष रखा। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो को लेकर सही तथ्यों की जानकारी होना जरूरी है और किसी तरह का भ्रम नहीं फैलना चाहिए। महाना के मुताबिक, उद्घाटन कार्यक्रम में उन्हें ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ दिया जा रहा था। उसी दौरान प्रेक्षागृह यानी ऑडिटोरियम के भीतर राष्ट्रगान शुरू हुआ, जहां उनकी मौजूदगी नहीं थी। उन्होंने स्पष्ट किया कि दोनों कार्यक्रम पूरी तरह अलग थे। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर कुछ वीडियो साझा कर ऐसा भ्रामक विश्लेषण किया जा रहा है, मानो राष्ट्रगान के समय वे रुके नहीं। महाना ने इसे स्पष्ट रूप से खारिज करते हुए कहा कि ऐसा बिल्कुल नहीं हुआ।


बोले- संविधान और राष्ट्रगान का हमेशा सर्वोच्च सम्मान किया

सतीश महाना ने कहा कि उत्तर प्रदेश विधानसभा से लेकर अपने विधानसभा क्षेत्र तक हर अवसर और स्थान पर उन्होंने, उनके कार्यकर्ताओं और सहयोगियों ने संविधान तथा राष्ट्रगान का हमेशा सर्वोच्च सम्मान किया है और आगे भी करते रहेंगे। उन्होंने मीडिया और पत्रकारों से भी अपील की कि किसी विषय पर चर्चा करने से पहले तथ्यों की सत्यता की जांच की जाए। महाना ने कहा कि सोशल मीडिया पर प्रसारित किसी भी वीडियो के संबंध में सही तथ्यों की जानकारी होना बेहद जरूरी है।


पुलिस ने पुतला कब्जे में लिया

प्रदर्शन के दौरान पुलिस पहले से मौके पर मौजूद थी। कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा पुतले में आग लगाने की कोशिश किए जाने पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की। पुतला छीनकर आग बुझाई गई और उसे पुलिस अपने साथ ले गई। प्रदर्शन में आनंद वर्मा, नरेंद्र चंचल कुशवाहा, इखलाक अहमद डेविड, राजेंद्र बाल्मीकि, अंकित कन्नौजिया, शिवम पटवा, संदीप मिश्रा, सुनील पाल, माना यादव, शीलू यादव, अभिषेक कुमार और नफीस अहमद समेत कई कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।


ये भी पढ़ें : KANPUR NEWS : गृहकर की रसीदें हाथ में लेकर सड़क पर उतरीं महिलाएं, वार्ड-14 में निगम के खिलाफ आर-पार की लड़ाई


 

Ashutosh Mishra "Rudra"

आशुतोष मिश्र 'रुद्र' पिछले 20 वर्षों से पत्रकारिता क्षेत्र में सक्रिय हैं। माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय से स्नातक की डिग्री के साथ-साथ एलएलबी डिग्री धारक हैं। पत्रकारिता में करियर की शुरुआत वर्ष 2006 में पंजाब केसरी दिल्ली से हुई। इसके बाद दैनिक जागरण आई-नेक्स्ट कानपुर, अमर उजाला प्रकाशन कानपुर में उप-सम्पादक के पद पर करीब आठ वर्ष सेवाएं दीं। अमर उजाला की ओर से वह उप्र राज्य सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग की ओर से उन्हें अधिमान्य पत्रकार की उपाधि प्राप्त हुई। आशुतोष मिश्र 'रुद्र' वर्तमान में INDIA NEWS 24x7 डिजिटल में सब एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। रुद्र नागरिक सुविधाओं और विकास से जुड़े विभागों में 'खोजी पत्रकारिता' के लिए विशेष तौर पर जाने जाते हैं। नगर निगम, विकास प्राधिकरण में भ्रष्टाचार एवं कई चर्चित घोटालों का उन्होंने खबरों के माध्यम से पर्दाफाश किया है। स्पष्ट एवं निष्पक्ष लेखन के कारण वह पत्रकारिता क्षेत्र में विशेष रूप से जाने जाते हैं।

More from this author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Enable Notifications OK No thanks