उत्तर प्रदेश

करन-उपेंद्र के अर्द्धशतक से काशी रुद्रास की धमाकेदार प्लेऑफ एंट्री, मेरठ को 56 रन से रौंदा

गेंदबाजों ने भी बरपाया कहर, 119 रन पर ढेर हुई मेरठ की टीम; एलिमिनेटर में अब नोएडा से होगी काशी की टक्कर

Share

कानपुर। कप्तान करन शर्मा और उपेंद्र यादव के तूफानी अर्द्धशतकों के बाद काशी रुद्रास के गेंदबाजों ने ऐसी कहर बरपाई कि लीग की टॉप टीम मेरठ मेवरिक्स भी टिक नहीं सकी। काशी ने अपने आखिरी लीग मुकाबले में मेरठ को 56 रन से हराकर प्लेऑफ में शानदार एंट्री की। काशी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में चार विकेट पर 175 रन बनाए, जवाब में मेरठ की पूरी टीम 19.2 ओवर में 119 रन पर सिमट गई।

इस जीत के साथ काशी रुद्रास 10 अंकों के साथ अंक तालिका में तीसरे स्थान पर रही और प्लेऑफ में पहुंचने वाली चौथी टीम बनी। अब एलिमिनेटर मुकाबले में काशी का सामना 10 अंक हासिल करने वाली नोएडा की टीम से होगा। वहीं 15 अंकों के साथ शीर्ष पर रही मेरठ मेवरिक्स क्वालीफायर-1 में 13 अंकों वाली लखनऊ से भिड़ेगी।



175 रन का मजबूत स्कोर

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी काशी की शुरुआत कप्तान करन शर्मा और विराट जायसवाल ने धमाकेदार अंदाज में की। दोनों ने पहले विकेट के लिए 75 रन जोड़कर टीम को मजबूत आधार दिया। 8.2 ओवर में यश गर्ग ने विराट जायसवाल को 33 रन पर आउट कर मेरठ को पहली सफलता दिलाई। इसके बाद सक्षम राय महज पांच रन बनाकर आरुष गोयल की गेंद पर बोल्ड हो गए। एक छोर संभाले कप्तान करन शर्मा ने शानदार बल्लेबाजी जारी रखी और 40 गेंदों पर छह चौके तथा तीन छक्कों की मदद से 57 रन ठोक दिए। विशाल चौधरी ने उनकी पारी का अंत किया। 105 रन पर तीसरा विकेट गिरने के बाद उपेंद्र यादव ने मोर्चा संभाला। उन्होंने शुभम चौधरी के साथ मिलकर स्कोर को तेजी से आगे बढ़ाया। उपेंद्र ने महज 29 गेंदों में चार चौकों और पांच छक्कों की मदद से 57 रन की विस्फोटक पारी खेली। पारी की आखिरी गेंद पर वह कुणाल यादव के हाथों कैच आउट हुए। शुभम 15 रन बनाकर नाबाद रहे और काशी ने 175 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया।



27 रन पर मेरठ के चार विकेट

176 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मेरठ मेवरिक्स की शुरुआत बेहद खराब रही। महज 27 रन के स्कोर तक उसके चार प्रमुख बल्लेबाज पवेलियन लौट चुके थे। कार्तिक यादव ने स्वास्तिक चिकारा को बिना खाता खोले और अक्षय दुबे को दो रन पर आउट कर दिया। रितुराज शर्मा एक रन बनाकर रन आउट हुए, जबकि कप्तान दिव्यांश जोशी 19 रन पर अटल बिहारी राय का शिकार बने। इसके बाद संदीप तोमर ने 29 और दिव्यांश राजपूत ने 39 रन बनाकर पारी संभालने की कोशिश की, लेकिन काशी के गेंदबाजों के सामने मेरठ की बल्लेबाजी ज्यादा देर नहीं टिक सकी। दिनेश कुमार भी 14 रन बनाकर आउट हो गए। यश गर्ग और आरुष गोयल खाता नहीं खोल सके, जबकि कुणाल त्यागी छह रन पर पवेलियन लौटे। पूरी मेरठ टीम 19.2 ओवर में 119 रन पर ढेर हो गई। काशी की ओर से कार्तिक यादव और रिषभ राजपूत ने तीन-तीन विकेट झटके। अटल बिहारी राय को दो और संगम सिंह को एक सफलता मिली। शानदार गेंदबाजी के लिए कार्तिक यादव को मैन ऑफ द मैच चुना गया।



अब नोएडा से आर-पार

लीग चरण खत्म होने के साथ प्लेऑफ की तस्वीर भी साफ हो गई है। मेरठ 15 अंकों के साथ पहले स्थान पर, लखनऊ 13 अंकों के साथ दूसरे और काशी रुद्रास तथा नोएडा 10-10 अंकों के साथ क्रमशः तीसरे और चौथे स्थान पर रहे। अब खिताब की दौड़ में काशी के सामने एलिमिनेटर में नोएडा की चुनौती होगी। इस मुकाबले में जीतने वाली टीम आगे बढ़ेगी, जबकि हारने वाली टीम का सफर यहीं थम जाएगा।


ये भी पढ़ें : लखनऊ फाल्कन्स प्लेऑफ में, गोरखपुर लायंस को 24 रन से हराया


 

india News 24x7

More from this author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Enable Notifications OK No thanks