उत्तर प्रदेश

KANPUR NEWS : बदले की आग में रिश्ते हुए तार-तार, भाई के अपमान का बदला लेने पहुंचे देवर ने भाभी की बहन को मारी गोली, इलाज के दौरान अस्पताल में मौत

पति-पत्नी के विवाद के बाद देवर साथियों संग घर पहुंचा, हंगामा किया। बीच-बचाव करने आई महिला को गोली मारी, अस्पताल में मौत, आरोपी फरार। पुलिस तलाश में जुटी।

Share

KANPUR NEWSकैंट थाना क्षेत्र के सत्तीचौरा इलाके में रविवार शाम पारिवारिक विवाद ने खूनी रूप ले लिया। पति-पत्नी के बीच हुए विवाद और मारपीट के बाद भाई के अपमान का बदला लेने पहुंचे देवर ने घर में घुसकर एक महिला को गोली मार दी। गोली लगने से चांदनी निषाद (30) गंभीर रूप से घायल हो गईं। परिजन आनन-फानन में उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।


पति-पत्नी के विवाद से शुरू हुआ मामला

पुलिस के मुताबिक, घटना की शुरुआत रविवार शाम करीब 5 बजे हुई। बताया जा रहा है कि संतोष निषाद घर पहुंचे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर उनका पत्नी से विवाद हो गया। कहासुनी बढ़ने पर दोनों के बीच मारपीट की स्थिति बन गई। आरोप है कि विवाद के दौरान महिला ने संतोष को तमाचा मार दिया। इसके बाद संतोष वहां से चला गया, पुलिस की प्रारंभिक जांच के मुताबिक, इस घटना के करीब दो घंटे बाद संतोष का भाई विनोद अपने कुछ साथियों के साथ दो बाइकों से सत्तीचौरा स्थित घर पहुंचा। आरोप है कि घर पहुंचते ही विनोद और उसके साथ आए युवकों ने हंगामा शुरू कर दिया। वह अपने भाई संतोष को तमाचा मारे जाने को लेकर महिला से विवाद करने लगे।


बहन को बचाने के लिए बीच में आई चांदनी

घर में विवाद बढ़ता देख वहां मौजूद चांदनी निषाद ने मामले में बीच-बचाव करने की कोशिश की। वह विवाद को शांत कराने के लिए आगे आईं। इसी दौरान आरोप है कि विनोद ने तमंचा निकाल लिया। इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, उसने चांदनी पर गोली चला दी। गोली चांदनी को लगते ही वह जमीन पर गिर पड़ीं। गोली चलने की आवाज से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। वारदात के बाद आरोपी और उसके साथ आए युवक मौके से फरार हो गए। परिजनों ने आनन-फानन में घायल चांदनी को केपीएम अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।


वारदात के बाद इलाके में मचा हड़कंप

घर में घुसकर गोली मारने की घटना की जानकारी मिलते ही कैंट थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने परिवार के सदस्यों के साथ ही आसपास मौजूद लोगों से भी पूछताछ की। प्रारंभिक जांच में पुलिस को सामने आया है कि पति-पत्नी के बीच हुए विवाद के बाद यह वारदात बदले की भावना में की गई। पुलिस अब पूरे घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है। घटना में शामिल आरोपियों की पहचान और उनकी भूमिका की जांच की जा रही है।


आरोपियों की तलाश में पुलिस की दबिश

महिला की मौत के बाद पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें लगाई हैं। नामजद आरोपी विनोद और उसके साथियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि आरोपियों के आने और वारदात के बाद फरार होने की जानकारी मिल सके, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद गोलीकांड की पूरी वजह और घटनाक्रम स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

ये भी पढ़ें : KANPUR NEWS : महिला की मौत के बाद बवाल: शव हाईवे पर रखकर लगाया जाम, पुलिस पर बरसे पत्थर; 2 इंस्पेक्टर समेत 3 घायल


 

india News 24x7

More from this author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Enable Notifications OK No thanks