उत्तर प्रदेश

राहुल-अखिलेश की दोस्ती पर खिलजी वाला तंज, PDA को बताया आलू; सुधांशु त्रिवेदी ने कानपुर से साधा विपक्ष पर निशाना

सुधांशु त्रिवेदी बोले- जैसे आलू किसी भी सब्जी में मिल जाता है, वैसे ही सपा का PDA कहीं भी फिट हो जाता है, कांग्रेस सपा के रिश्तों पर कहा- दोनों एक-दूसरे को निपटाने की फिराक में ।

Share

Sudhanshu Trivedi in Kanpur : कानपुर में भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता और राज्यसभा सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के गठबंधन पर तीखा हमला बोला। शनिवार को हिंदू आध्यात्मिक मेले में पहुंचे त्रिवेदी ने सपा के PDA फॉर्मूले पर निशाना साधते हुए उसकी तुलना आलू से कर दी। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव का PDA आलू की तरह है। जिस तरह आलू को किसी भी सब्जी में मिलाकर बनाया जा सकता है, उसी तरह सपा का PDA भी कहीं भी मिला दिया जाता है। उसके स्वरूप में लगातार बदलाव किया जाता रहता है।

राहुल गांधी और अखिलेश यादव के राजनीतिक रिश्तों पर टिप्पणी करते हुए त्रिवेदी ने इतिहास का उदाहरण देकर तंज कसा। उन्होंने कहा कि दोनों नेता ऐसे गले मिलते हैं, जैसे अलाउद्दीन खिलजी अपने चाचा जलालुद्दीन खिलजी से गले मिला था। दोनों के मन में यही सोच रहती है कि कौन कब किसको निपटा दे और ज्यादा से ज्यादा जगह पर कब्जा कर ले। उनके इस बयान को उत्तर प्रदेश में सपा और कांग्रेस के बीच गठबंधन की राजनीति पर सीधा हमला माना जा रहा है।

सीट बंटवारे से पहले ही सपा ने कांग्रेस को दिखाई हैसियत

सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि सपा और कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे की बात तो दूर, दोनों नेता 10 मिनट तक एक-दूसरे को देखना भी पसंद नहीं करते। उन्होंने दावा किया कि समाजवादी पार्टी ने अपनी राजनीतिक गतिविधियों और फैसलों से कांग्रेस को उसकी स्थिति का एहसास करा दिया है। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव ने अपनी यात्रा की शुरुआत रायबरेली से की, जिस पर कांग्रेस के तत्कालीन प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने इटावा से यात्रा शुरू करने की बात कही थी। इसके बाद सपा ने अपनी प्रत्याशियों की सूची पहले जारी कर दी और फिर घोषणापत्र भी सामने रख दिया। त्रिवेदी के मुताबिक, इन फैसलों के जरिए सपा ने कांग्रेस को साफ संदेश दे दिया कि वह अपने हिसाब से आगे बढ़ रही है और कांग्रेस चाहे तो उसके पीछे आ सकती है।

गठबंधन में रहते हुए भी एक-दूसरे को बता चुके हैं चालू और चिरकुट

भाजपा सांसद ने सपा और कांग्रेस के पुराने राजनीतिक विवादों का भी जिक्र किया। उन्होंने 2023 के मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव का उदाहरण देते हुए कहा कि उस समय दोनों दल गठबंधन की राजनीति कर रहे थे, लेकिन इसके बावजूद उनके नेताओं के बीच तीखी बयानबाजी हुई थी। त्रिवेदी ने कहा कि कांग्रेस ने सपा को चिरकुट पार्टी कहा था। कमलनाथ का अखिलेश यादव को लेकर दिया गया बयान भी राजनीतिक चर्चा में रहा था। इसके जवाब में अखिलेश यादव ने कांग्रेस को चालू पार्टी बताया था। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अब उत्तर प्रदेश में चालू पार्टी और चिरकुट पार्टी के बीच बयानबाजी का सिलसिला चल रहा है। देश और प्रदेश की जनता इन राजनीतिक घटनाक्रमों को अच्छी तरह समझ रही है।

मुख्यमंत्री चेहरे पर बोले- भाजपा में कोई विवाद नहीं

उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री पद को लेकर पूछे गए सवाल पर सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि भाजपा में मुख्यमंत्री पद को लेकर किसी तरह का विवाद नहीं है। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी में स्थिति बिल्कुल स्पष्ट है। इस मुद्दे पर सवाल उठाने वालों पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि शायद वे भी मन ही मन मान चुके हैं कि मुख्यमंत्री भाजपा का ही बनेगा। विपक्षी दलों में चल रही बयानबाजी का उल्लेख करते हुए उन्होंने इमरान मसूद, इकरा हसन और आजम खां के बयानों का भी जिक्र किया। साथ ही कांग्रेस के भीतर अलग-अलग गुटों के बीच जारी खींचतान पर टिप्पणी की।

त्रिवेदी ने दावा किया कि विपक्षी दलों के बीच आपसी खींचतान और बयानबाजी का फायदा भाजपा को मिलेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि उत्तर प्रदेश की जनता आगामी विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को निर्णायक और अभूतपूर्व जनादेश देगी।


 

ये भी पढ़ें : IND vs PAK U19 Final: आखिरी गेंद पर मोहित का चौका, भारत ने 9वीं बार जीता एशिया कप का खिताब

india News 24x7

More from this author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

↑
Enable Notifications OK No thanks