

कानपुर। बारिश के मौसम में हाईवे पर जलभराव, गड्ढों और जाम की समस्या से यात्रियों को राहत दिलाने के लिए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने कानपुर से प्रयागराज तक के राष्ट्रीय राजमार्ग पर व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। मॉनसून के आगमन से पहले हाईवे को पूरी तरह सुरक्षित, सुगम और यातायात के अनुकूल बनाने के लिए वर्टिस इंफ्रास्ट्रक्चर ट्रस्ट और त्रिवेणी संगम हाईवे प्राइवेट लिमिटेड की ओर से विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत सड़क की गुणवत्ता सुधारने, जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त करने और संभावित जोखिम वाले स्थानों को चिन्हित कर उन्हें ठीक करने का कार्य युद्धस्तर पर किया जा रहा है।
हाईवे के दोनों किनारों पर बने नालों, ड्रेनेज चैनलों और जल निकासी मार्गों की बड़े पैमाने पर सफाई की जा रही है। जगह-जगह जमा मिट्टी, कचरा और अन्य अवरोधों को हटाकर पानी की निर्बाध निकासी सुनिश्चित की जा रही है। अधिकारियों का मानना है कि बारिश के दौरान जलभराव की सबसे बड़ी वजह अवरुद्ध ड्रेनेज सिस्टम होता है, इसलिए इस बार मॉनसून शुरू होने से पहले ही पूरे मार्ग पर विशेष सफाई अभियान चलाया गया है।
इसके अलावा सड़क पर बने गड्ढों, क्षतिग्रस्त हिस्सों और कमजोर स्थानों की पहचान कर मरम्मत का कार्य भी तेज कर दिया गया है। कई स्थानों पर पैचवर्क, शोल्डर रिपेयर और रीसर्फेसिंग का काम किया जा रहा है ताकि बारिश के दौरान सड़क की सतह प्रभावित न हो और वाहन चालकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। हाईवे पर तैनात तकनीकी टीमों को लगातार निरीक्षण करने और किसी भी खराबी की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

मॉनसून के दौरान संभावित आपात स्थितियों से निपटने के लिए विशेष निगरानी व्यवस्था भी लागू की गई है। हाईवे प्रबंधन की ओर से मशीनरी, सफाई कर्मियों और तकनीकी कर्मचारियों की अतिरिक्त टीमें तैयार रखी गई हैं। संवेदनशील और जलभराव संभावित क्षेत्रों पर विशेष नजर रखी जा रही है, ताकि बारिश के दौरान किसी भी प्रकार की बाधा उत्पन्न होने पर तुरंत समाधान किया जा सके।
त्रिवेणी संगम हाईवे प्राइवेट लिमिटेड के प्रोजेक्ट मैनेजर राकेश भारद्वाज ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि मॉनसून को देखते हुए सभी विभागों को अलर्ट मोड पर रखा गया है और टीमें लगातार फील्ड में काम कर रही हैं। जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने के साथ-साथ सड़क की गुणवत्ता को मजबूत करने पर विशेष फोकस किया जा रहा है, ताकि कानपुर से प्रयागराज तक सफर करने वाले लोगों को बारिश के मौसम में भी निर्बाध और आरामदायक यात्रा का अनुभव मिल सके।

उन्होंने बताया कि पूरे हाईवे कॉरिडोर की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है और प्रत्येक सेक्शन में अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। किसी भी समस्या की सूचना मिलने पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए कंट्रोल सिस्टम को भी सक्रिय रखा गया है, NHAI का उद्देश्य केवल सड़क की मरम्मत तक सीमित नहीं है, बल्कि मॉनसून के दौरान भी हाईवे पर यातायात को पूरी तरह सुचारु बनाए रखना है। इसी लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए संबंधित एजेंसियां समन्वय के साथ कार्य कर रही हैं। उम्मीद जताई जा रही है कि इन तैयारियों के चलते इस बार बारिश के मौसम में कानपुर-प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग पर यात्रियों को पहले की तुलना में अधिक सुरक्षित, तेज और सुविधाजनक सफर मिलेगा।







