—–
लखनऊ, 14 अगस्त 2026। उत्तर प्रदेश टी20 लीग के चौथे सीजन का आगाज ही ऐसे रोमांचक मुकाबले से हुआ, जिसने मैदान में मौजूद दर्शकों के साथ-साथ टीवी और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर मैच देख रहे क्रिकेट प्रेमियों की धड़कनें बढ़ा दीं। भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी एकाना क्रिकेट स्टेडियम में शुक्रवार को खेले गए सीजन के पहले मुकाबले में मेरठ मावेरिक्स ने डिफेंडिंग चैंपियन काशी रुद्रास को अंतिम गेंद पर 1 विकेट से हराकर शानदार जीत दर्ज की।
मेरठ की इस यादगार जीत के सबसे बड़े नायक रहे ऑलराउंडर यश गर्ग। उन्होंने पहले गेंद से काशी की बल्लेबाजी की कमर तोड़ी और 4 ओवर में सिर्फ 19 रन देकर 4 विकेट झटके। इसके बाद जब मेरठ की पारी संकट में फंसी और टीम के हाथ में सिर्फ एक विकेट बाकी था, तब गर्ग ने बल्ले से ऐसा तूफान मचाया कि काशी रुद्रास के हाथ से लगभग जीता हुआ मुकाबला निकल गया।
119 रनों के लक्ष्य का पीछा कर रही मेरठ को अंतिम ओवर में जीत के लिए 19 रन चाहिए थे। यश गर्ग ने पहली दो गेंदों पर चौका और छक्का जड़कर मुकाबले में जान फूंक दी। इसके बाद दो गेंदों में 7 रन की जरूरत थी। गर्ग ने अगली गेंद पर गगनचुंबी छक्का लगाकर समीकरण बदल दिया और अंतिम गेंद पर समझदारी से एक रन लेकर मेरठ को सीजन की पहली जीत दिला दी। गेंद और बल्ले दोनों से शानदार प्रदर्शन करने वाले यश गर्ग को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

उद्घाटन समारोह में दिखा सितारों का जलवा
सीजन के पहले मुकाबले से पहले एकाना स्टेडियम में भव्य उद्घाटन समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला, लीग चेयरमैन डॉ. संजय कपूर, पूर्व भारतीय क्रिकेटर सुरेश रैना और स्टार बल्लेबाज अभिषेक शर्मा समेत कई प्रमुख हस्तियां मौजूद रहीं। उद्घाटन समारोह के बाद जैसे ही मुकाबला शुरू हुआ, दोनों टीमों ने लीग के चौथे सीजन के लिए रोमांच की नई कहानी लिखनी शुरू कर दी।
यश गर्ग और जीशान की फिरकी में 118 पर ढेर हुई काशी
टॉस जीतकर मेरठ मावेरिक्स के कप्तान रिंकू सिंह ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। काशी रुद्रास की ओर से सलामी बल्लेबाज अभिषेक गोस्वामी ने 32 गेंदों पर 42 रनों की उपयोगी पारी खेलकर टीम को अच्छी शुरुआत देने की कोशिश की। हालांकि मेरठ के गेंदबाजों ने लगातार दबाव बनाए रखा। यश गर्ग ने काशी के कप्तान करण शर्मा को आउट कर टीम को अहम सफलता दिलाई। इसके बाद स्पिनर जीशान अंसारी ने 3/19 और तेज गेंदबाज विशाल चौधरी ने 2/13 की शानदार गेंदबाजी करते हुए काशी के मध्यक्रम को पूरी तरह बिखेर दिया। यश गर्ग ने 4 विकेट लेने के साथ यूपी टी20 में अपने विकेटों की संख्या 51 तक पहुंचा दी। काशी रुद्रास की पूरी टीम 20 ओवर में 118 रन बनाकर ऑलआउट हो गई।
119 रन के लक्ष्य में मेरठ की शुरुआत भी लड़खड़ाई
छोटे लक्ष्य का पीछा करने उतरी मेरठ मावेरिक्स की शुरुआत भी उम्मीद के मुताबिक नहीं रही। विस्फोटक सलामी बल्लेबाज स्वास्तिक चिकारा दूसरे ही ओवर में वैभव चौधरी का शिकार बन गए। काशी रुद्रास के गेंदबाजों ने शुरुआत से ही कसी हुई गेंदबाजी की और मेरठ के बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया। 10 ओवर के बाद मेरठ का स्कोर 47/4 था और मुकाबला पूरी तरह काशी के पक्ष में जाता दिखाई दे रहा था।
इसके बाद कप्तान रिंकू सिंह ने मोर्चा संभाला। उन्होंने 21 गेंदों पर 28 रन बनाए, जबकि दिव्यांश राजपूत ने 24 गेंदों में 26 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली। दोनों ने पांचवें विकेट के लिए 36 रनों की साझेदारी कर मेरठ की उम्मीदों को जिंदा रखा। लेकिन कार्तिक यादव ने रिंकू सिंह और संदीप तोमर को जल्दी जल्दी आउट कर काशी को फिर से मुकाबले में मजबूत स्थिति में ला दिया।
18 गेंद में 26 रन… फिर विपिन राय ने मचा दिया तहलका
मेरठ को अंतिम 18 गेंदों में 26 रन की जरूरत थी। दबाव लगातार बढ़ रहा था। इसी दौरान काशी के तेज गेंदबाज विपिन राय ने लगातार दो गेंदों पर दिव्यांश राजपूत और जीशान अंसारी को आउट कर मेरठ को मुश्किल में डाल दिया, विपिन राय ने 4/23 का शानदार स्पेल पूरा किया और यूपी टी20 इतिहास में 54 विकेट के साथ सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बन गए। एक समय ऐसा लग रहा था कि काशी रुद्रास लगातार दूसरी बार सीजन के पहले मुकाबले में जीत दर्ज कर लेगी। लेकिन इसके बाद मैदान पर यश गर्ग का ऐसा तूफान आया, जिसने पूरे मैच का रुख ही बदल दिया।
अंतिम ओवर में 19 रन… यश गर्ग ने बदल दी पूरी कहानी
मेरठ के हाथ में आखिरी ओवर में सिर्फ एक विकेट बचा था और जीत के लिए 19 रन चाहिए थे। यश गर्ग के सामने चुनौती बेहद बड़ी थी, लेकिन उन्होंने दबाव को अपने ऊपर हावी नहीं होने दिया। पहली गेंद पर चौका आया। दूसरी गेंद पर गर्ग ने छक्का जड़ दिया। इसके बाद मुकाबला पूरी तरह रोमांचक हो चुका था। दो गेंदों में सात रन चाहिए थे और गर्ग ने एक और शानदार छक्का लगाकर समीकरण लगभग बराबर कर दिया।
अंतिम गेंद पर मेरठ को जीत के लिए एक रन चाहिए था। गर्ग ने संयम दिखाया और एक रन लेकर टीम को एक विकेट से अविश्वसनीय जीत दिला दी। यश गर्ग ने महज 14 गेंदों पर नाबाद 26 रन बनाए और अपने 4/19 के गेंदबाजी प्रदर्शन के साथ मैच को अपने नाम कर लिया।
यश गर्ग बोले- खुद पर भरोसा था, मैच को आखिरी तक ले जाना चाहता था
प्लेयर ऑफ द मैच यश गर्ग ने मैच के बाद कहा कि उन्हें खुद पर भरोसा था और वह मुकाबले को आखिरी तक ले जाना चाहते थे। उन्होंने कहा कि आमतौर पर उनकी बल्लेबाजी इतनी देर से नहीं आती, लेकिन उन्होंने इस तरह की स्थिति के लिए तैयारी की थी। उनके मुताबिक विकेट अच्छा था और ओस के कारण बल्लेबाजी आसान हो रही थी, इसलिए टीम को भरोसा था कि मुकाबला आखिरी तक ले जाया जा सकता है, अंतिम ओवर को लेकर गर्ग ने कहा कि उस समय बड़े शॉट खेलने के अलावा कोई विकल्प नहीं था और अच्छी बात यह रही कि शॉट सही जगह कनेक्ट हुए।
गेंदबाजी के बारे में उन्होंने कहा कि वह पिछले चार साल से क्रिकेट खेल रहे हैं, लेकिन इस मुकाबले को लेकर काफी नर्वस थे। पहली ही गेंद पर विकेट मिलने से उनका आत्मविश्वास बढ़ा। उन्होंने यह भी बताया कि पिछले कुछ समय में उन्होंने अपनी बल्लेबाजी पर विशेष मेहनत की है।
रिंकू सिंह बोले- आखिरी ओवर में ही समझ गया था, आज यश का दिन है
मेरठ मावेरिक्स के कप्तान रिंकू सिंह ने यश गर्ग की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि जीत के साथ शुरुआत करना हमेशा टीम के आत्मविश्वास के लिए अच्छा होता है, खासकर तब जब मुकाबला इतना रोमांचक हो। रिंकू ने बताया कि जब यश ने अंतिम ओवर में कवर स्कूप पर चौका लगाया, तभी उन्होंने स्वास्तिक चिकारा से कहा था कि आज यश का दिन है। वह चार विकेट ले चुका है, फील्डिंग भी अच्छी कर रहा है और शायद बल्ले से भी मैच जिता दे।
रिंकू सिंह ने कहा कि यश पिछले तीन साल से टीम के साथ है और बेहद मेहनती खिलाड़ी है। उन्होंने कप्तानी को लेकर भी कहा कि उन्हें नई जिम्मेदारी में काफी मजा आ रहा है और वह गेंदबाजों का सही इस्तेमाल करना सीख रहे हैं, अपनी गेंदबाजी को लेकर रिंकू ने मजाकिया अंदाज में कहा कि कप्तान होने का एक फायदा यह भी है कि जरूरत पड़ने पर खुद को गेंदबाजी दे सकते हैं।
करण शर्मा ने माना- अंतिम ओवर में हाथ से निकला मैच
काशी रुद्रास के कप्तान करण शर्मा ने हार के बाद कहा कि टीम के लिए यह निश्चित रूप से निराशाजनक परिणाम है। उन्होंने कहा कि गेंदबाजों ने शानदार योजना के साथ टीम को जीत की स्थिति में पहुंचाया था और अंतिम ओवर तक काशी का पलड़ा भारी था। करण शर्मा के मुताबिक मैच अंतिम ओवर में हाथ से निकल गया। उन्होंने कहा कि टीम अपनी गलतियों पर चर्चा करेगी और आने वाले मुकाबलों में मजबूत वापसी की कोशिश करेगी।
मैच के प्रमुख पुरस्कार
प्लेयर ऑफ द मैच: यश गर्ग
डिपेंडबल बॉलर ऑफ द मैच: यश गर्ग
मोस्ट सिक्सेस: अभिषेक गोस्वामी
मोस्ट फोर: रिंकू सिंह
सुपर स्ट्राइकर ऑफ द मैच: अभिषेक गोस्वामी
बेस्ट कैच: ऋतुराज शर्मा
स्वतंत्रता दिवस पर डबल धमाका, शनिवार को दो मुकाबले
यूपी टी20 लीग के चौथे सीजन में शनिवार यानी 15 अगस्त को दो मुकाबले खेले जाएंगे। पहले मुकाबले में नोएडा किंग्स और कानपुर सुपरस्टार्स आमने-सामने होंगे। यह मुकाबला दोपहर 3 बजे से खेला जाएगा। दिन का दूसरा मुकाबला लखनऊ फाल्कन्स और गोरखपुर लायंस के बीच होगा। दोनों टीमें शाम 7:30 बजे एकाना क्रिकेट स्टेडियम में भिड़ेंगी। सीजन के पहले ही मुकाबले में जिस तरह मेरठ मावेरिक्स और काशी रुद्रास के बीच आखिरी गेंद तक रोमांच देखने को मिला, उसके बाद अब यूपी टी20 लीग के चौथे सीजन से क्रिकेट प्रेमियों की उम्मीदें और भी बढ़ गई हैं।
ये भी पढ़ें : 15 अगस्त से पहले दिल्ली में बम धमकी से हड़कंप, हाईकोर्ट को ईमेल और 5 जगहों पर धमकी की कॉल
—–






