उत्तर प्रदेश

Kanpur News : धर्म परिवर्तन के बाद परिवार पर कहर! बेटी की मौत का आरोप, अब फिर मारपीट से दहशत में परिवार

Share


KANPUR NEWS : नौबस्ता थाना क्षेत्र के मछरिया निवासी एक परिवार ने प्रेम विवाह और धर्म परिवर्तन के बाद लगातार उत्पीड़न का आरोप लगाया है। गुरुवार को पीड़ित परिवार डीसीपी साउथ कार्यालय पहुंचा और पूरे मामले की शिकायत करते हुए आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की। परिवार का कहना है कि उनकी बेटी द्वारा हिंदू धर्म अपनाने के बाद से पड़ोसी लगातार धमकी दे रहे हैं, धर्म परिवर्तन का दबाव बना रहे हैं और विरोध करने पर मारपीट की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं।

प्रेम विवाह के बाद शुरू हुआ विवाद, धर्म परिवर्तन बना तनाव की वजह

परिवार के मुखिया रशीद अहमद ने बताया कि उनकी बड़ी बेटी हिना ने वर्ष 2018 में आवास विकास क्षेत्र के एक युवक से प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद उसने स्वेच्छा से हिंदू धर्म अपना लिया। आरोप है कि इसके बाद से कुछ पड़ोसी लगातार उस पर दोबारा मुस्लिम धर्म अपनाने का दबाव बनाने लगे। परिवार के विरोध करने पर विवाद बढ़ता गया और कई बार मारपीट तथा धमकी की घटनाएं सामने आईं।

2021 के हमले में घायल बेटी ने तोड़ा दम, न्याय के लिए आज भी भटक रहा परिवार

रशीद अहमद का आरोप है कि 5 सितंबर 2021 को आरोपियों ने उनके घर पर हमला कर पथराव किया था। इस हमले में उनकी बेटी गुलफ्शां गंभीर रूप से घायल हो गई थी। करीब 15 दिन तक इलाज चलने के बाद उसकी मौत हो गई। परिवार का कहना है कि घटना की शिकायत पुलिस से की गई थी, लेकिन आरोपियों के खिलाफ उस समय कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।

2022 में दोबारा हमला, बेटे का हाथ टूटा; कोर्ट के आदेश पर दर्ज हुआ मुकदमा

पीड़ित परिवार का कहना है कि 16 अक्टूबर 2022 को एक बार फिर उन पर हमला किया गया, जिसमें उनके बेटे का हाथ टूट गया। आरोप है कि पुलिस ने इस मामले में भी तत्काल मुकदमा दर्ज नहीं किया। बाद में न्यायालय के आदेश के बाद ही आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया जा सका।

4 अगस्त को फिर मारपीट का आरोप, स्थानीय पुलिस पर कार्रवाई न करने की शिकायत

परिवार ने आरोप लगाया कि 4 अगस्त को पड़ोसियों और उनके साथियों ने उनके बेटे कासान के साथ मारपीट की। शोर सुनकर बचाने पहुंचे अन्य परिजनों के साथ भी मारपीट की गई। पीड़ितों का कहना है कि घटना की शिकायत संबंधित थाने में दी गई, लेकिन पुलिस ने अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की।

डीसीपी साउथ ने जांच के दिए निर्देश, रिपोर्ट के आधार पर होगी आगे की कार्रवाई

गुरुवार को पीड़ित परिवार ने डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी से मुलाकात कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी और सुरक्षा तथा न्याय की मांग की। डीसीपी ने बताया कि शिकायत प्राप्त हो गई है और मामले की निष्पक्ष जांच के आदेश दे दिए गए हैं। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

खबर समाप्त …..


 

Anurag Srivastava

खबरों की दुनिया में अनुराग श्रीवास्तव का सफर 2009 से शुरू हुआ था, जो अभी भी जारी है। पत्रकारिता जगत में कानपुर संवाद समाचार पत्र से सफ़र शुरू करते हुए, स्टार न्यूज़, वॉइस ऑफ़ इंडिया, सी न्यूज़, सहारा समय, बंसल न्यूज़, इंडिया टीवी जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में बीते 16 साल से क्राइम, राजनितिक, एंटरटेनमेंट, एजुकेशन से जुडी हर छोटे-बड़े विषयों की ख़बर पर पकड़ रखते हैं। अनुराग श्रीवास्तव फिलहाल इंडिया न्यूज़ 24x7 .कॉम में बतौर एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। खाली समय में क्रिकेट खेलने, घूमने, फिल्‍में/वेब सीरीज, न्यूज़ चैनल देखने और किताबें पढ़ने का शौक रखते हैं।

More from this author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Enable Notifications OK No thanks