उत्तर प्रदेश

मेरठ में कांवड़ियों की भीड़ ने जीप से निकालकर दो युवकों को पीटा, वायरल वीडियो पर पुलिस ने किया बड़ा खुलासा

Share

पुलिसकर्मियों की पिटाई का दावा निकला गलत, बाइक की टक्कर से कांवड़ खंडित होने के बाद हुआ था विवाद : SSP

Meerut Kanvar Yatra Vivad :  कांवड़ यात्रा के बीच मेरठ के दौराला थाना क्षेत्र से सामने आए एक वायरल वीडियो ने पुलिस-प्रशासन की चिंता बढ़ा दी। वीडियो में कुछ कांवड़िए पुलिस की जीप से दो युवकों को निकालकर उनके साथ मारपीट करते नजर आ रहे हैं। सोशल मीडिया पर दावा किया जा रहा था कि कांवड़ियों ने सादी वर्दी में मौजूद पुलिसकर्मियों की पिटाई की है। हालांकि मेरठ पुलिस ने इन दावों को गलत बताते हुए पूरे मामले की वास्तविकता सामने रखी है।

मेरठ के नेशनल हाईवे-58 (दिल्ली-देहरादून हाईवे) स्थित दौराला थाना क्षेत्र के गरम-धर्म होटल के पास यह घटना हुई। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि कांवड़ियों की भीड़ दो लोगों के साथ मारपीट कर रही है। दोनों युवकों के कपड़े फटे हुए दिखाई दे रहे हैं। एक युवक भीड़ से बचकर खेतों की तरफ भागता है, लेकिन कुछ लोग उसका पीछा कर वहां भी डंडों से हमला करते नजर आते हैं। सोशल मीडिया पर कुछ लोगों ने दावा किया कि मारपीट करने वाले पुलिसकर्मी थे, जो सादी वर्दी में मौजूद थे। वहीं कुछ कांवड़िए गाड़ी में आग लगाने की बात करते हुए भी वीडियो में दिखाई दे रहे हैं।


एसएसपी ने बताया पूरा मामला

मेरठ के एसएसपी अविनाश पांडे ने बताया कि 2 और 3 अगस्त की रात करीब 2:30 बजे का यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। वीडियो को लेकर यह दावा किया गया कि कांवड़ियों ने पुलिसकर्मियों को पीटा, जबकि यह पूरी तरह गलत है। एसएसपी के अनुसार, गरम-धर्म होटल के पास कुछ कांवड़िए अपनी कांवड़ रखकर रिजर्व कांवड़ लेन में बैठे हुए थे। इसी दौरान हरिद्वार जल लेने जा रहे सोनू और उसके साथी की बाइक कांवड़ से टकरा गई, जिससे कांवड़ खंडित हो गई। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हुआ और हाथापाई शुरू हो गई। मौके पर दौराला थाना पुलिस और सेक्टर प्रभारी पहुंचे। पुलिस दोनों युवकों को अपनी गाड़ी में बैठाकर ले जा रही थी, तभी कुछ कांवड़ियों ने उन्हें गाड़ी से निकालकर पीटना शुरू कर दिया।

पुलिसकर्मी भी हुए घायल, मुकदमा दर्ज?

एसएसपी ने बताया कि वीडियो में कोई पुलिसकर्मी नहीं पीटा गया है। हालांकि बीच-बचाव के दौरान दौराला थाने के एक हेड कांस्टेबल को हाथ, कंधे और चेहरे पर चोटें आई हैं, जिनका मेडिकल कराया गया है। पुलिस ने मामले में दोषी लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। वहीं सोनू और उसके साथी की बाइक भी सीज कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


 

Ravi Sharma

More from this author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Enable Notifications OK No thanks