उत्तर प्रदेश

KANPUR NEWS “चावल को बनाया हल्दी, रंग से रची मिलावट की साजिश; एफएसडीए ने पकड़ा 5.86 लाख का स्टॉक”

Share

Kanpur Milawati Haldi News : पनकी स्थित एक मसाला निर्माण इकाई पर एफएसडीए की छापेमारी में चावल के टुकड़ों में रंग मिलाकर हल्दी पाउडर बनाने का खुलासा हुआ। टीम ने छह नमूने जांच के लिए भेजे हैं और 5.86 लाख रुपये का संदिग्ध स्टॉक जब्त किया है। जांच रिपोर्ट के आधार पर संबंधित फर्म के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी।


 

जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) ने शहर में मिलावटी मसालों के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पनकी स्थित एक मसाला निर्माण इकाई का भंडाफोड़ किया। छापेमारी के दौरान चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि चावल के टुकड़ों में पीला रंग मिलाकर हल्दी पाउडर तैयार किया जा रहा था। मौके से छह नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं, जबकि 5.86 लाख रुपये मूल्य का संदिग्ध स्टॉक जब्त कर लिया गया है।



सहायक आयुक्त (खाद्य) द्वितीय संजय प्रताप सिंह के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा अधिकारी संजय वर्मा, उमाशंकर सिंह और रजनीश राय की टीम ने इस्पात नगर, पनकी स्थित पीतांबरा इंटरप्राइजेज पर औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान परिसर में हल्दी पाउडर का निर्माण होता मिला, लेकिन वहां साबुत हल्दी का कोई स्टॉक नहीं था। अधिकारियों को संदेह हुआ कि चावल के टुकड़ों को पीसकर उनमें हल्दी जैसा रंग मिलाकर हल्दी पाउडर तैयार किया जा रहा था।



निरीक्षण में परिसर से मिर्च पाउडर, धनिया पाउडर, चावल के टुकड़े, मिर्च में मिलाने के लिए रास्पबेरी रेड कलर तथा अन्य कच्चा माल भी बरामद हुआ। टीम ने हल्दी पाउडर, हल्दी में मिलाए जाने वाले लिक्विड कलर, चावल के टुकड़े, मिर्च पाउडर, मिर्च में मिलाए जाने वाले रंग और धनिया पाउडर समेत कुल छह नमूने एकत्र कर खाद्य विश्लेषक को जांच के लिए भेज दिए हैं।



कार्रवाई के दौरान विभाग ने 77 बैग चावल के टुकड़े (लगभग 1.54 लाख रुपये), 42 बैग हल्दी पाउडर (करीब 4.20 लाख रुपये), 30 किलोग्राम पिसा धनिया, 30 किलोग्राम मिर्च पाउडर तथा 20 किलोग्राम हल्दी अपमिश्रक जब्त किया। जब्त किए गए स्टॉक का कुल मूल्य 5,86,200 रुपये आंका गया है।



एफएसडीए अधिकारियों के अनुसार प्रयोगशाला जांच रिपोर्ट आने के बाद यह स्पष्ट होगा कि तैयार किए जा रहे मसाले खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप हैं या उनमें मिलावट की पुष्टि होती है। रिपोर्ट के आधार पर संबंधित फर्म के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


सहायक आयुक्त (खाद्य) द्वितीय संजय प्रताप सिंह ने कहा कि खाद्य पदार्थों में मिलावट किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। विभाग का अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने आमजन से भी अपील की कि यदि कहीं मिलावटी खाद्य पदार्थों के निर्माण या बिक्री की जानकारी मिले तो तत्काल विभाग को सूचना दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

——-

Anurag Srivastava

खबरों की दुनिया में अनुराग श्रीवास्तव का सफर 2009 से शुरू हुआ था, जो अभी भी जारी है। पत्रकारिता जगत में कानपुर संवाद समाचार पत्र से सफ़र शुरू करते हुए, स्टार न्यूज़, वॉइस ऑफ़ इंडिया, सी न्यूज़, सहारा समय, बंसल न्यूज़, इंडिया टीवी जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में बीते 16 साल से क्राइम, राजनितिक, एंटरटेनमेंट, एजुकेशन से जुडी हर छोटे-बड़े विषयों की ख़बर पर पकड़ रखते हैं। अनुराग श्रीवास्तव फिलहाल इंडिया न्यूज़ 24x7 .कॉम में बतौर एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। खाली समय में क्रिकेट खेलने, घूमने, फिल्‍में/वेब सीरीज, न्यूज़ चैनल देखने और किताबें पढ़ने का शौक रखते हैं।

More from this author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Enable Notifications OK No thanks