Kanpur News : कानपुर दक्षिण के नरवल थानाक्षेत्र के दीपापुर गांव में शनिवार को स्थिति बिगड़ती देख तहसीलदार और थाना प्रभारी अतिरिक्त पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। काफी देर की बातचीत के बाद पुलिस और प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रित किया और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई पूरी कराई।ग्राम समाज की जमीन से अतिक्रमण हटाने पहुंची राजस्व और पुलिस की टीम को ग्रामीणों के भारी विरोध का सामना करना पड़ा। कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में महिलाएं और युवतियां JCB मशीन के सामने ईंट लेकर खड़ी हो गईं और प्रशासन की कार्रवाई का विरोध करने लगीं। इस दौरान ग्रामीणों और पुलिसकर्मियों के बीच काफी देर तक तीखी नोकझोंक होती रही। करीब तीन घंटे तक गांव में हंगामे की स्थिति बनी रही।
स्थिति बिगड़ती देख तहसीलदार और थाना प्रभारी अतिरिक्त पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। काफी देर की बातचीत के बाद पुलिस और प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रित किया और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई पूरी कराई। प्रशासन के मुताबिक, दीपापुर गांव में ग्रामसभा की जमीन पर कुछ लोगों द्वारा निर्माण कराया जा रहा था। अधिकारियों का कहना है कि संबंधित लोगों को पहले भी निर्माण रोकने के लिए कहा गया था, लेकिन इसके बावजूद कथित तौर पर चोरी-छिपे निर्माण कार्य जारी रखा गया। इसी के बाद राजस्व विभाग की टीम ने पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर अवैध निर्माण हटाने की कार्रवाई शुरू की।
तीन फीट रास्ते को लेकर पहले से चल रहा विवाद
ग्रामीणों का कहना है कि गांव में करीब तीन फीट चौड़े रास्ते को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है। ग्राम प्रधानपति हीरालाल ने प्रशासन की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि राजस्व विभाग की टीम ने बिना पूर्व सूचना दिए नए निर्माणों को JCB से गिराना शुरू कर दिया। हीरालाल के मुताबिक, रामनारायण पाल, संदीप पाल सहित तीन लोगों ने अपनी जमीन पर बाउंड्री बनवाई थी। ग्रामीणों का आरोप है कि कार्रवाई के दौरान इस बाउंड्री को भी JCB से ढहा दिया गया। उनका कहना है कि पूरे इलाके में जमीन के स्वामित्व को लेकर विवाद की स्थिति बनी हुई है और ग्रामीण इसे अपनी जमीन बता रहे हैं।
ग्रामीणों ने यह भी दावा किया कि इसी क्षेत्र के करीब 200 मीटर हिस्से से पहले भी अतिक्रमण हटाया जा चुका है। बताया गया कि उस समय तत्कालीन एसडीएम नरवल विवेक कुमार मिश्रा के निर्देश पर चकबंदी अधिकारियों और नरवल पुलिस की मौजूदगी में कार्रवाई की गई थी।
जमीन की बिक्री को लेकर भी लगाए आरोप
विवाद के बीच ग्रामीणों ने मेवालाल नाम के व्यक्ति पर ग्राम समाज की जमीन को कथित तौर पर करीब चार लाख रुपये में बेचने का आरोप लगाया है। ग्रामीणों का कहना है कि जमीन को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा है और इसी वजह से गांव में तनाव की स्थिति बनी रहती है। हालांकि, प्रशासन ने ग्रामीणों के इन आरोपों की पुष्टि नहीं की है। प्रशासन का कहना है कि कार्रवाई का मुख्य कारण ग्रामसभा की जमीन पर हो रहा कथित अवैध निर्माण था। अधिकारियों के अनुसार, निर्माण रोकने के निर्देश दिए जाने के बाद भी काम जारी रखा गया, जिसके बाद अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई।
महिलाओं के विरोध से बढ़ा तनाव
अतिक्रमण हटाने के दौरान जब JCB ने निर्माण हटाना शुरू किया तो कई महिलाएं और युवतियां ईंटें लेकर मशीन के सामने आ गईं। उन्होंने प्रशासन की कार्रवाई का विरोध किया। पुलिसकर्मियों ने उन्हें समझाने की कोशिश की, लेकिन काफी देर तक स्थिति सामान्य नहीं हो सकी। ग्रामीणों और पुलिस के बीच बहस तथा नोकझोंक की स्थिति बनी रही। हंगामा बढ़ने की सूचना मिलने पर तहसीलदार और थाना प्रभारी अतिरिक्त पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें कार्रवाई की वजह बताई और सरकारी काम में बाधा नहीं डालने की अपील की।
सरकारी काम में बाधा डालने वालों पर FIR की तैयारी
नरवल एसडीएम सत्यपाल प्रजापति ने बताया कि दीपापुर गांव में ग्रामसभा की भूमि पर अतिक्रमण कर निर्माण कराया जा रहा था। प्रशासन की ओर से निर्माण रोकने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन इसके बावजूद निर्माण जारी रहने की जानकारी मिलने पर नायब तहसीलदार की मौजूदगी में कार्रवाई शुरू की गई। एसडीएम के अनुसार, कार्रवाई के दौरान कुछ महिलाओं और ग्रामीणों ने सरकारी कार्य में बाधा डालने का प्रयास किया। हालात को देखते हुए तहसीलदार और थानाध्यक्ष मौके पर पहुंचे और पुलिस बल की मदद से स्थिति को नियंत्रित किया गया। इसके बाद अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई पूरी कर ली गई।
प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि सरकारी कार्य में बाधा डालने और कार्रवाई का विरोध करने वाले लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में FIR दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। फिलहाल गांव में स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।
खबर समाप्त…..










