Kanpur News : कानपुर के घाटमपुर थाना क्षेत्र में एक गर्भवती युवती का शव संदिग्ध परिस्थितियों में गांव से करीब 500 मीटर दूर बगीचे में मिलने से सनसनी फैल गई। युवती करीब एक महीने पहले घर से निकली थी। गुरुवार सुबह ग्रामीण शौच के लिए बगीचे की ओर गए तो वहां युवती का शव पड़ा देखा। इसके बाद गांव में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने तत्काल परिजनों और पुलिस को घटना की सूचना दी। जानकारी मिलते ही घाटमपुर इंस्पेक्टर मनोज सिंह भदौरिया पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ परिजनों से भी घटना की जानकारी ली। परिजनों ने युवती की हत्या किए जाने के बाद शव को बगीचे में फेंके जाने की आशंका जताई है।
एक महीने पहले घर से निकली थी युवती
परिजनों के अनुसार, युवती करीब एक महीने पहले घर से निकली थी। इसके बाद से वह घर पर नहीं लौटी थी। परिवार के लोग उसकी तलाश और वापसी का इंतजार कर रहे थे। इसी बीच गुरुवार सुबह गांव से कुछ दूरी पर उसका शव मिलने की जानकारी सामने आई, शव की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और उसकी पहचान की। युवती के गर्भवती होने की बात भी सामने आई है। घटना के बाद परिवार में मातम का माहौल है।
बगीचे में शव मिलने से उठे कई सवाल ?
युवती का शव घर से महज करीब 500 मीटर की दूरी पर मिलने के बाद उसकी मौत को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं। वह बगीचे तक कैसे पहुंची और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, पुलिस इन सभी बिंदुओं की जांच कर रही है। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। हालांकि, अभी तक पुलिस ने हत्या की पुष्टि नहीं की है। मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होने की बात कही जा रही है।
फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड ने की जांच
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड को मौके पर बुलाया। टीमों ने घटनास्थल और उसके आसपास के इलाके की जांच की तथा संभावित साक्ष्यों को जुटाया। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि युवती की मौत से पहले वह किन परिस्थितियों में थी और उसके साथ कौन-कौन लोग संपर्क में थे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही घटनास्थल के आसपास मौजूद लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद साफ होगी मौत की वजह
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल मामले की जांच जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर युवती की मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट होगी। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें : घर पर पथराव और धमकी के मामले में आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने क्षेत्र में कराया पैदल मार्च






