WOMEN ASIA CUP 2026 : भारत ने महिला एशिया कप के फाइनल में श्रीलंका को 72 रन से हराकर आठवीं बार खिताब अपने नाम कर लिया। दुबई में खेले गए मुकाबले में टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट पर 183 रन बनाए। जवाब में श्रीलंकाई टीम भारतीय स्पिन और तेज गेंदबाजी के सामने टिक नहीं सकी और 18.5 ओवर में 111 रन पर ऑलआउट हो गई।
भारत की ओर से श्रीचरणी ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट झटके, जबकि दीप्ति शर्मा ने 2 विकेट लिए। शेफाली वर्मा और क्रांति गौड़ को एक-एक सफलता मिली। भारत की जीत की नींव ओपनिंग जोड़ी ने ही रख दी थी। स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा ने शुरुआत से ही श्रीलंकाई गेंदबाजों पर दबाव बनाया। दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 129 रन की ताबड़तोड़ साझेदारी हुई। शेफाली ने सिर्फ 24 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया। यह महिला एशिया कप के इतिहास में सबसे तेज फिफ्टी रही। उन्होंने 39 गेंदों में 9 चौके और 2 छक्कों की मदद से 68 रन बनाए। 13वें ओवर में चामुडी प्रबोधा की गेंद पर चमारी अटापट्टु को कैच देकर शेफाली पवेलियन लौटीं।

इसके बाद स्मृति मंधाना ने मोर्चा संभाले रखा। उन्होंने 11वें ओवर में चौका लगाकर टी-20 इंटरनेशनल करियर का 36वां अर्धशतक पूरा किया। मंधाना ने 59 रन की पारी में 5 चौके और 3 छक्के लगाए। 14वें ओवर में वह रन आउट हुईं। इसके बाद हरमनप्रीत कौर ने 14 रन बनाए। पारी के आखिरी ओवरों में भारत ने तेजी से रन जुटाए और 183 रन का मजबूत स्कोर खड़ा कर दिया।

184 रन के लक्ष्य के सामने श्रीलंका की शुरुआत ही बिगड़ी
184 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका को पहले ही ओवर में क्रांति गौड़ ने झटका दे दिया। इमेशा दुलानी लेग स्टंप पर आती गेंद पर बोल्ड हो गईं। इसके बाद चमारी अटापट्टु और विश्मी गुणरत्ने ने पारी संभालने की कोशिश की, लेकिन भारतीय गेंदबाजों ने लगातार दबाव बनाए रखा। 10वें ओवर में दीप्ति शर्मा ने पहले कप्तान अटापट्टु को स्टंप कराया और फिर विश्मी गुणरत्ने को बोल्ड कर दिया। अटापट्टु 25 रन बनाकर आउट हुईं, जबकि गुणरत्ने ने 20 रन बनाए। इसके बाद श्रीलंका की पारी संभल नहीं सकी। श्रीचरणी ने गेंद हाथ में आते ही मैच का रुख पूरी तरह भारत की ओर मोड़ दिया। उन्होंने एक ही ओवर में कविशा दिलहारी और निलाक्षी डी सिल्वा को पवेलियन भेजा। इसके बाद सुगंधिका कुमारी को आउट कर उन्होंने अपना चौथा विकेट पूरा किया। श्रीलंका की पूरी टीम 111 रन पर सिमट गई और भारत ने 72 रन की शानदार जीत के साथ महिला एशिया कप का आठवां खिताब अपने नाम कर लिया।
यह जीत भारत के लिए इसलिए भी खास रही क्योंकि 2024 के फाइनल में श्रीलंका ने भारत को 8 विकेट से हराकर पहली बार एशिया कप ट्रॉफी जीती थी। इस बार भारतीय टीम ने फाइनल में दमदार प्रदर्शन करते हुए खिताब वापस अपने नाम कर लिया।
इस मौके पर देश के कई दिग्गज नेताओं सहित, क्रिकेटरों, सेलिब्रिटीज ने भी भारतीय महिला क्रिकेट टीम की सरहाना की, और सोशल मीडिया पर विनिंग मोमेंट्स शेयर करते हुए भारतीय महिला टीम शेरनी के खिताब से नवाजा । ऐसे में मुख्यमंत्री नायाब सैनी, स्मृति ईरानी में खास अंदाज में बधाई दी ।
ये भी पढ़ें : भारत-चीन फिर करीब, लेकिन एक पाले में नहीं: जिनपिंग की 7 साल बाद दिल्ली यात्रा से क्या बदलेगा?


