DINESH SHARMA IN KANPUR। भाजपा के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद दिनेश शर्मा रविवार को कानपुर के गोविंदनगर पहुंचे। एक उद्घाटन कार्यक्रम में शामिल होने के बाद उन्होंने सपा और कांग्रेस पर कई मुद्दों को लेकर हमला बोला। वंदे मातरम, परिवारवाद, नेताओं की सुरक्षा और जयंत चौधरी को लेकर उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधा। दिनेश शर्मा ने कांग्रेस द्वारा वंदे मातरम के दो छंद गाने के फैसले पर सवाल उठाया। उन्होंने इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि कांग्रेस के इतिहास में वंदे मातरम के विरोध का अध्याय काले अक्षरों में दर्ज होगा। शर्मा ने कहा कि आजादी से पहले कांग्रेस की भूमिका अलग थी, लेकिन आजादी के बाद पार्टी की विचारधारा और कार्यशैली में बदलाव आया। उन्होंने वंदे मातरम के विरोध को लेकर कांग्रेस के शीर्ष नेताओं पर भी निशाना साधा।
अखिलेश यादव के बयान पर दिया जवाब
अखिलेश यादव के भाजपा को लेकर दिए गए बयान पर दिनेश शर्मा ने पलटवार करते हुए कहा कि भाजपा देश को सर्वोपरि मानकर काम करती है। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर भाजपा सरकार पाकिस्तान के खिलाफ कड़ा जवाब देने से पीछे नहीं हटती। उन्होंने सर्जिकल स्ट्राइक, एयर स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने आतंकवाद और पाकिस्तान के खिलाफ कड़े फैसले लिए हैं। साथ ही उन्होंने सपा और कांग्रेस पर आरोप लगाया कि विपक्ष के कुछ बयानों का इस्तेमाल पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय मंचों पर अपने पक्ष में करता है।

परिवारवाद पर सपा-कांग्रेस को घेरा
सपा में परिवार के कई सदस्यों के राजनीति में होने को लेकर भी दिनेश शर्मा ने अखिलेश यादव पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सपा और कांग्रेस दोनों ही परिवारवाद की राजनीति से बाहर नहीं निकल पा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी नेता चुनाव के दौरान ही जनता के बीच सक्रिय नजर आते हैं। दिनेश शर्मा ने विपक्ष की इस राजनीति को ‘पॉलिटिकल टूरिज्म’ बताया।
सुरक्षा के मुद्दे पर बोले दिनेश शर्मा
नेताओं को बुलेटप्रूफ जैकेट दिए जाने के मुद्दे पर दिनेश शर्मा ने कहा कि सुरक्षा का फैसला राजनीतिक दल या जाति देखकर नहीं किया जाता। सुरक्षा एजेंसियां खतरे का आकलन करती हैं और उसी आधार पर सुरक्षा तय होती है। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव, मायावती या किसी भी नेता को उनकी सुरक्षा जरूरत के हिसाब से सुविधाएं दी जाती हैं। जब सुरक्षा में वाहन, कमांडो और अन्य इंतजाम शामिल हैं, तो केवल बुलेटप्रूफ जैकेट को लेकर सवाल उठाना सही नहीं है।
जयंत चौधरी पर टिप्पणी को लेकर सपा पर हमला
जयंत चौधरी को ‘चवन्नी’ कहे जाने के सवाल पर दिनेश शर्मा ने सपा को घेरा। उन्होंने कहा कि इस तरह की टिप्पणी केवल जयंत चौधरी तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे पूरे जाट समाज की भावनाएं आहत होती हैं। उन्होंने चौधरी चरण सिंह की राजनीतिक विरासत का उल्लेख करते हुए कहा कि उनकी पहचान देश के बड़े किसान नेता के रूप में रही है। दिनेश शर्मा ने कहा कि जयंत चौधरी उसी विरासत से आते हैं और उनके लिए ‘चवन्नी से रुपया’ जैसी भाषा का इस्तेमाल करना उचित नहीं है। शर्मा ने कहा कि राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन किसी नेता की सामाजिक और राजनीतिक विरासत को लेकर इस तरह की टिप्पणी नहीं की जानी चाहिए।
ये भी पढ़ें – कंधे पर स्कूल बैग, सामने उफ़नाती गंगा… पुलिस ने रोकी नाव तो बच्चों के लिए चला ‘मिशन मोटरबोट’



