उत्तर प्रदेश

ग्रेटर नोएडा अग्निकांड: PCB पैनल फैक्ट्री में आग बुझाने के दौरान हादसा, दीवार गिरने से दो फायरकर्मियों की मौत; तीन घायल

Share

 

Noida Fire News :  ईकोटेक-3 कोतवाली क्षेत्र स्थित पीसीबी (PCB) पैनल बनाने वाली आईएलजीआईएम फैक्ट्री में सोमवार देर रात भीषण आग लग गई। आग पर काबू पाने के दौरान हुए हादसे में दो दमकलकर्मियों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य फायरकर्मी घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, सोमवार रात फैक्ट्री में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। आग की तीव्रता को देखते हुए कई दमकल वाहनों को मौके पर लगाया गया।


आग बुझाने के दौरान अचानक फैक्ट्री की इमारत की दीवार और बीम का हिस्सा गिर गया। इस हादसे में पांच फायरकर्मी मलबे की चपेट में आ गए। मौके पर मौजूद राहत एवं बचाव टीमों ने तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर मलबे में दबे सभी कर्मियों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। हादसे में घायल हुए फायरकर्मियों में मुख्य आरक्षी चालक राजपाल सिंह, फायरमैन मनीष कुमार, मुख्य आरक्षी चालक तीर्थपाल सिंह, फायरमैन अमित कुमार और फायरमैन रोहित यादव शामिल थे।



दो फायरकर्मियों की मौत, तीन का इलाज जारी

अस्पताल में चिकित्सकों ने फायरमैन रोहित यादव और मुख्य आरक्षी चालक तीर्थपाल सिंह को मृत घोषित कर दिया। वहीं, मुख्य आरक्षी चालक राजपाल सिंह, फायरमैन मनीष कुमार और फायरमैन अमित कुमार का उपचार जारी है। पुलिस के मुताबिक तीनों की हालत फिलहाल खतरे से बाहर है।



वरिष्ठ अधिकारियों ने संभाली कमान, एसडीआरएफ ने चलाया सर्च ऑपरेशन

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। मलबे में किसी अन्य व्यक्ति के दबे होने की आशंका को देखते हुए एसडीआरएफ की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने फैक्ट्री परिसर में सर्च ऑपरेशन चलाया।



एलजी और सैमसंग के लिए बनाए जाते थे PCB पैनल

बताया जा रहा है कि आईएलजीआईएम फैक्ट्री में इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों में इस्तेमाल होने वाले पीसीबी पैनल का निर्माण किया जाता था। फैक्ट्री में एलजी और सैमसंग जैसी कंपनियों के लिए पीसीबी पैनल तैयार किए जा रहे थे। फिलहाल आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है। पुलिस और दमकल विभाग की टीमें आग लगने के कारणों की जांच कर रही हैं।



 

Ravi Sharma

More from this author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Enable Notifications OK No thanks