India vs Pakistan Women: वुमेंस एशिया कप 2026 में भारत ने पाकिस्तान को 7 विकेट से करारी शिकस्त दी। पाकिस्तान की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए महज 55 रन पर ढेर हो गई। इस हार के बाद पाकिस्तानी कप्तान फातिमा सना अपनी टीम के प्रदर्शन से बेहद निराश नजर आईं और उन्होंने बल्लेबाजों को हार का जिम्मेदार ठहराया, वुमेंस एशिया कप 2026 में भारत और पाकिस्तान के बीच खेले गए मुकाबले में टीम इंडिया ने एकतरफा अंदाज में जीत दर्ज की। दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए मैच में पाकिस्तान की पूरी टीम सिर्फ 55 रन पर ऑलआउट हो गई। जवाब में भारतीय टीम ने महज 8.4 ओवर में 57 रन बनाकर 7 विकेट से मुकाबला अपने नाम कर लिया। भारत के खिलाफ मिली इस करारी हार के बाद पाकिस्तान की कप्तान फातिमा सना काफी निराश दिखीं।
हार के बाद बल्लेबाजों पर फूटा फातिमा सना का गुस्सा
मैच के बाद पोस्ट मैच प्रेजेंटेशन में फातिमा सना ने अपनी टीम की बल्लेबाजी को लेकर खुलकर बात की। उन्होंने माना कि पाकिस्तान की बल्लेबाजी पूरी तरह बिखर गई और टीम पूरे मुकाबले में रन बनाने के लिए संघर्ष करती रही। पहले बल्लेबाजी करने के फैसले पर पाक कप्तान ने कहा कि पिच नई थी और उनकी कोशिश स्कोरबोर्ड पर ज्यादा से ज्यादा रन लगाने की थी। उन्हें अपनी गेंदबाजी पर भरोसा था, लेकिन बल्लेबाज उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सके।
तीन विकेट लेने के बाद भी खुश नहीं हुईं फातिमा
फातिमा सना ने गेंदबाजी में शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन विकेट अपने नाम किए, लेकिन टीम की हार के कारण उनका व्यक्तिगत प्रदर्शन फीका पड़ गया। उन्होंने साफ कहा कि जब टीम मैच हार जाती है तो व्यक्तिगत प्रदर्शन का कोई खास मतलब नहीं रह जाता। पाकिस्तान की कप्तान ने आगे कहा कि टीम अब अगले मुकाबले में बेहतर क्रिकेट खेलने पर ध्यान देगी और आखिरी मैच जीतकर सेमीफाइनल में जगह बनाने की कोशिश करेगी।
55 रन पर सिमटी पाकिस्तान की पूरी टीम
मुकाबले में पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 18.1 ओवर में सिर्फ 55 रन बनाए और पूरी टीम पवेलियन लौट गई। भारतीय गेंदबाजों के सामने पाकिस्तान के बल्लेबाज पूरी तरह बेबस नजर आए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम इंडिया ने 8.4 ओवर में 3 विकेट खोकर 57 रन बना लिए और मुकाबला अपने नाम कर लिया। भारत ने यह जीत 68 गेंद शेष रहते हासिल की।
भारत ने दर्ज की बड़ी जीत
68 गेंद शेष रहते मिली यह जीत महिला T20I में भारत की बड़ी जीतों में शामिल हो गई। इससे पहले टीम इंडिया ने 2022 में थाईलैंड के खिलाफ 84 गेंद शेष रहते जीत दर्ज की थी। इस जीत के साथ भारतीय टीम ने टूर्नामेंट में अपनी जीत की लय बरकरार रखी, जबकि पाकिस्तान को एशिया कप में पहली हार का सामना करना पड़ा।
हरमनप्रीत कौर ने गेंदबाजों की तारीफ की
भारत की जीत के बाद कप्तान हरमनप्रीत कौर ने पूरी टीम के प्रदर्शन की तारीफ की। उन्होंने कहा कि टीम ने बिना किसी ढील के खेलने की योजना बनाई थी और खिलाड़ियों ने मैदान पर उसे बखूबी लागू किया, हरमनप्रीत ने भारतीय गेंदबाजों की विशेष रूप से तारीफ करते हुए कहा कि सभी ने अपनी योजना के मुताबिक गेंदबाजी की और पिच के मिजाज को अच्छी तरह समझा।
3 विकेट गिरने पर क्या बोलीं हरमनप्रीत?
लक्ष्य छोटा होने के बावजूद भारत ने पारी में तीन विकेट गंवाए। इस पर हरमनप्रीत ने कहा कि यह खेल का हिस्सा है। उनके मुताबिक पाकिस्तान के गेंदबाजों ने भी कुछ अच्छी गेंदें डालीं, लेकिन भारतीय टीम का लक्ष्य क्रीज पर टिककर मुकाबले को जल्द खत्म करना था।
ये भी पढ़ें : Mirzapur Movie Review: मिर्जापुर मूवी में कितना दम? कहानी, एक्टिंग और एक्शन का पूरा रिव्यू





