KANPUR NEWS : जिस ग्रीनपार्क ने दशकों तक क्रिकेट के कई ऐतिहासिक अध्याय लिखे, वह अब अपने नए अवतार की तैयारी में है। लेकिन पुराने ग्रीनपार्क को विदाई देने से पहले कानपुर के खेलप्रेमियों को मिलने जा रही है एक ऐसी क्रिकेट शाम, जिसमें मैदान पर सियासत, प्रशासन और क्रिकेट का अनोखा संगम दिखाई देगा। 6 सितंबर की शाम 5 बजे ग्रीनपार्क में सांसद एकादश और कानपुर एकादश के बीच टी15 मुकाबला होगा। सांसद एकादश की कप्तानी पूर्व भारतीय क्रिकेटर और सांसद युसुफ पठान करेंगे, जबकि कानपुर एकादश की कमान पूर्व आईपीएल खिलाड़ी अंकित राजपूत संभालेंगे। मुकाबले में सेलिब्रिटी कलाकारों की मौजूदगी भी आकर्षण का केंद्र रहेगी। सबसे खास बात यह है कि दर्शकों के लिए निशुल्क पास उपलब्ध कराए जाएंगे।
एक तरफ युसुफ पठान, दूसरी तरफ अंकित राजपूत… मैदान पर दिखेगा अलग अंदाज
यह मुकाबला इसलिए भी खास है क्योंकि दोनों टीमों में अलग-अलग क्षेत्रों के चर्चित चेहरे शामिल हैं। सांसद एकादश में क्रिकेट के सितारे युसुफ पठान के साथ सांसद और जनप्रतिनिधि मैदान पर होंगे, जबकि कानपुर एकादश में IAS, IRS, IPS अधिकारियों के साथ पूर्व और अनुभवी क्रिकेटरों का दम दिखाई देगा।
यह मैच सिर्फ 15 ओवर का नहीं… पुराने ग्रीनपार्क का आखिरी सलाम भी होगा
6 सितंबर का मुकाबला सामान्य प्रदर्शनी मैच से कहीं ज्यादा मायने रखता है। इसके बाद ग्रीनपार्क को बड़े स्तर पर रेनोवेशन के लिए बंद किए जाने की तैयारी है। यानी क्रिकेटप्रेमियों के लिए यह मौजूदा स्वरूप वाले ग्रीनपार्क में होने वाली यादगार शामों में से एक हो सकती है। एक तरफ मैदान पर चौके-छक्कों का रोमांच होगा, तो दूसरी तरफ स्टेडियम के पुराने स्वरूप को आखिरी बार करीब से देखने का भाव भी खेलप्रेमियों के बीच रहेगा।
350 करोड़ से 456.94 करोड़… अब सिर्फ मरम्मत नहीं, ग्रीनपार्क का मेकओवर होगा
ग्रीनपार्क के कायाकल्प की योजना अब पहले से कहीं बड़ी हो गई है। संशोधित प्रस्ताव के मुताबिक स्टेडियम के पुनर्विकास की अनुमानित लागत 456.94 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है। इससे पहले करीब 350 करोड़ रुपये के प्लान पर काम चल रहा था। परियोजना के लिए 45 करोड़ रुपये की पहली किस्त जारी होने की बात भी सामने आई है। ऐसे में प्रस्तावित योजना ग्रीनपार्क को सिर्फ चमकाने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसे आधुनिक क्रिकेट इंफ्रास्ट्रक्चर के रूप में विकसित करने की तैयारी है।
35 हजार नहीं… अब 55 हजार दर्शकों से गूंजेगा ग्रीनपार्क
रेनोवेशन के बाद सबसे बड़ा बदलाव स्टेडियम की क्षमता में देखने को मिलेगा। पहले प्रस्तावित DPR में करीब 35 हजार दर्शकों की क्षमता का लक्ष्य था, लेकिन संशोधित प्रस्ताव में इसे बढ़ाकर 55 हजार करने की तैयारी है। अगर योजना के मुताबिक काम पूरा हुआ तो ग्रीनपार्क बड़े अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों और आईपीएल जैसे आयोजनों के लिए और अधिक सक्षम हो सकेगा।
तीन चरणों में होगा कायाकल्प, हर चरण बदलेगा ग्रीनपार्क की तस्वीर
ग्रीनपार्क का पुनर्विकास तीन चरणों में किए जाने की योजना है। पहला चरण: सी-बालकनी, मीडिया सेंटर, प्लेयर पवेलियन, फील्ड ऑफ प्ले और स्पोर्ट्स लाइटिंग से जुड़े प्रमुख कार्य किए जाएंगे वहीं दूसरा चरण: ईस्ट स्टैंड का निर्माण होगा, इसके बाद तीसरा चरण: नॉर्थ-ईस्ट, नॉर्थ-वेस्ट और साउथ-वेस्ट स्टैंड का विकास। तीनों चरण पूरे होने के बाद स्टेडियम की क्षमता करीब 55 हजार दर्शकों तक पहुंचाने का लक्ष्य है।
बारिश ने कई बार रोका खेल… अब ड्रेनेज सिस्टम पर होगा बड़ा काम
ग्रीनपार्क के पुनर्विकास में आधुनिक ड्रेनेज सिस्टम को खास महत्व दिया जा रहा है। बारिश के कारण मैचों में आने वाली बाधाओं को कम करने के लिए बेहतर जल निकासी व्यवस्था विकसित करने की योजना है। इसके अलावा फ्लडलाइट, मीडिया सेंटर, पवेलियन और दर्शकों से जुड़ी सुविधाओं को भी आधुनिक रूप देने की तैयारी है।
80 साल बाद पिच भी बदलेगी दिशा, सूरज की परेशानी होगी कम
ग्रीनपार्क की पिचों में भी बड़ा बदलाव प्रस्तावित है। करीब 80 साल बाद पिचों को पूर्व-पश्चिम दिशा के बजाय उत्तर-दक्षिण दिशा में विकसित करने की योजना है। इसका उद्देश्य मैच के दौरान खिलाड़ियों को सीधे सूरज की रोशनी से होने वाली परेशानी को कम करना है। ग्रीनपार्क की सभी नौ पिचों को इसी दिशा में विकसित किए जाने की बात सामने आई है। इसके साथ ही मैचों के दौरान यातायात का दबाव कम करने के लिए सैटेलाइट पार्किंग, शटल सेवा और पैदल आवागमन को बढ़ावा देने की योजना भी प्रस्तावित है।
1945 में बना मैदान… जिसने क्रिकेट इतिहास के कई पन्ने लिखे
ग्रीनपार्क की स्थापना 1945 में हुई थी। यहां पहला टेस्ट मैच 1952 में भारत और इंग्लैंड के बीच खेला गया। 1959 में इसी मैदान पर भारत ने ऑस्ट्रेलिया को 119 रन से हराकर ऐतिहासिक जीत दर्ज की थी। जसू पटेल के शानदार प्रदर्शन ने उस मुकाबले को भारतीय क्रिकेट के इतिहास में खास बना दिया। इसके बाद 2016 में ग्रीनपार्क भारतीय टीम के 500वें टेस्ट मैच का गवाह बना। आईपीएल मुकाबलों की मेजबानी भी यह ऐतिहासिक मैदान कर चुका है।
दो साल बाद जब खुलेगा ग्रीनपार्क… तो तस्वीर पूरी तरह बदली होगी
6 सितंबर की शाम इसलिए खास है क्योंकि इसके बाद पुराने ग्रीनपार्क के स्वरूप को बदलने का काम शुरू होने की तैयारी है। सांसद रमेश अवस्थी की पहल पर होने वाला यह टी15 मुकाबला खेलप्रेमियों को एक तरफ युसुफ पठान और अंकित राजपूत की नेतृत्व वाली टीम सांसद, IAS, IRS, आईपीएस के साथ रोमांच देगी, तो दूसरी तरफ उस ग्रीनपार्क के साथ यादें जोड़ने का मौका देगा, जिसने कानपुर की क्रिकेट पहचान को देश-दुनिया तक पहुंचाया। अब नजरें 6 सितंबर पर हैं की इस मैदान पर कौन मारेगा बाजी और ग्रीनपार्क की इस यादगार शाम का आखिरी विजेता कौन बनेगा? इसके बाद शुरू होगा करीब दो साल का इंतजार… और उम्मीद होगी कि जब ग्रीनपार्क फिर खुले तो वह पुराने गौरव के साथ 55 हजार दर्शकों की क्षमता के साथ आधुनिक सुविधाओं से लैस यूपी का सबसे बड़ा स्टेडियम बनकर एक नए क्रिकेट युग का स्वागत करे।
सांसद एकादश की संभावित टीम:
युसुफ पठान (कप्तान) • आनंद भदौरिया • बिस्वजीत सिन्हा (राहुल सिन्हा) • दानिश अली • अभिजीत सिंह सांगा • प्रवीण खंडेलवाल • डॉ. प्रशांत यदोराव पाडोले • रमेश अवस्थी • सदानंद एम.एस. तानवड़े • सोमेंद्र तोमर • सुब्रत पाठक • सुरेंद्र मैथानी • विजय दुबे • निशिकांत दुबे।
कानपुर एकादश की संभावित टीम:
अंकित राजपूत (कप्तान) • अनुभव सिंह (IAS) • आकांशु गोविल (IRS) • डॉ. बलकार सिंह (IAS) • अंकुर कौशिक (IAS) • अभिनव जैन (IAS) • करमवीर सिंह (RSO) • संदीप कुमार (IAS) • शुभम पटेल (IPS) • दीपांकर मालवीय • सतीश जायसवाल (पूर्व UP खिलाड़ी) • सुनील त्रिपाठी (रेलवे, पूर्व UP खिलाड़ी) • हरजीत सिंह • गोपाल • अमित पॉल, फिजियोथेरेपिस्ट : स्टेनली ब्राउन होंगे ।
नोट: दोनों टीमों की यह संभावित स्क्वाड सूची है। अंतिम प्लेइंग-11 में बदलाव संभव है।
ये भी पढ़ें : KANPUR NEWS : शहीदों की क्रांतिकारी सोच बनेगी प्रेरणा, भारतीय रक्षक पार्टी ने संगठन मजबूत करने का लिया संकल्प !








