खबरें खेल जगत से

नकवी ट्रॉफी देने पहुंचे तो स्टेज पर नहीं आई टीम इंडिया: भारत ने फिर नहीं ली पाकिस्तानी मंत्री के हाथों ट्रॉफी, एशिया कप जीतने के बाद बदली प्रेजेंटेशन

मोहसिन नकवी ACC अध्यक्ष के साथ पाकिस्तान के गृह मंत्री और PCB चेयरमैन भी हैं; पिछले साल पुरुष टीम ने भी उनके हाथों ट्रॉफी लेने से इनकार किया था, महिला टीम ने भी वही रुख अपनाया

Share

ASIA CUP 2026 : भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने एशिया कप जीतने के बाद ऐसी प्रेजेंटेशन सेरेमनी देखी, जिसमें चैंपियन टीम को ट्रॉफी देने वाला मंच खाली रह गया। दुबई में श्रीलंका को 72 रन से हराकर खिताब जीतने के बाद भारतीय खिलाड़ी ट्रॉफी लेने के लिए स्टेज पर नहीं पहुंचीं। एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) के अध्यक्ष मोहसिन नकवी को विजेता टीम को ट्रॉफी सौंपनी थी, लेकिन भारतीय टीम ने उनके हाथों से ट्रॉफी नहीं ली। इसके बाद प्रेजेंटेशन सेरेमनी समाप्त कर दी गई।

मोहसिन नकवी पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के चेयरमैन होने के साथ पाकिस्तान सरकार में गृह मंत्री भी हैं। भारत और पाकिस्तान के बीच राजनीतिक तनाव के बीच पिछले साल पुरुष एशिया कप में भी भारतीय टीम ने नकवी से ट्रॉफी लेने से इनकार किया था। इस बार महिला टीम के फैसले को उसी रुख की निरंतरता के तौर पर देखा जा रहा है।


 

श्रीलंका की कप्तान ने नकवी से ली उपविजेता ट्रॉफी

फाइनल के बाद जब प्रेजेंटेशन सेरेमनी शुरू हुई तो श्रीलंका की कप्तान स्टेज पर पहुंचीं और उन्होंने मोहसिन नकवी से उपविजेता की ट्रॉफी और चेक लिया। इसके बाद भारतीय टीम की बारी नहीं आई। चैंपियन टीम के खिलाड़ी और कप्तान स्टेज पर नजर नहीं आए और प्रेजेंटेशन सेरेमनी वहीं खत्म हो गई। इससे पहले मैच खत्म होने के बाद BCCI सेक्रेटरी देवजीत सैकिया और उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला भारतीय खिलाड़ियों के पास पहुंचे थे। दोनों को खिलाड़ियों से बातचीत करते हुए देखा गया। इसके बाद ट्रॉफी सेरेमनी में भारतीय टीम के शामिल नहीं होने से यह साफ हुआ कि टीम ने नकवी के हाथों ट्रॉफी लेने के बजाय प्रेजेंटेशन से दूरी बनाए रखी।

पिछले साल भी हुआ था ऐसा

2025 के पुरुष एशिया कप में भी भारत ने मोहसिन नकवी से ट्रॉफी लेने से इनकार किया था। उस समय भी भारतीय टीम प्रेजेंटेशन में ट्रॉफी लेने के लिए स्टेज पर नहीं गई थी। बाद में नकवी ने ट्रॉफी ACC के कार्यालय में भिजवा दी थी और भारतीय खिलाड़ियों ने ट्रॉफी के बिना ही खिताबी जीत का जश्न मनाया था।

नकवी से जुड़ा विवाद क्यों?

मोहसिन नकवी की दोहरी भूमिका इस पूरे घटनाक्रम का प्रमुख पहलू है। वह ACC के अध्यक्ष होने के साथ पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के चेयरमैन और पाकिस्तान सरकार में गृह मंत्री भी हैं। भारत-पाकिस्तान के बीच तनावपूर्ण रिश्तों के कारण उनकी भूमिका को लेकर पहले भी क्रिकेट प्रेजेंटेशन में विवाद सामने आ चुका है। इस बार भी भारतीय टीम ने मैदान पर शानदार प्रदर्शन करते हुए श्रीलंका को 72 रन से हराया और 8वीं बार एशिया कप अपने नाम किया, लेकिन खिताब जीतने के बाद ट्रॉफी लेने के लिए नकवी के साथ मंच साझा नहीं किया।

ये भी पढ़ें : ASIA CUP 2026 : श्रीलंका को 72 रन से हराकर भारत ने फिर रचा इतिहास, 8वीं बार किया महिला एशिया कप पर कब्जा, देश के कई दिग्गज क्रिकेटरों, राजनेताओं ने महिला खिलाड़ियों की दी बधाई ।


 

india News 24x7

More from this author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Enable Notifications OK No thanks