कानपुर। किदवई नगर थाना क्षेत्र के शिवधाम अपार्टमेंट में प्रॉपर्टी डीलर के ऑफिस में कथित तौर पर चल रहे जुए के खेल का पुलिस ने खुलासा किया है। एडीसीपी दक्षिण ऑपरेशन सुमित रामटेके की अगुवाई में पुलिस टीम ने सूचना के आधार पर छापेमारी कर सात लोगों को हिरासत में लिया। मौके से 2 लाख 60 हजार रुपये नकद, तीन ताश की गड्डियां और नौ मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर खास से सूचना मिली थी कि शिवधाम अपार्टमेंट में स्थित JV ग्रुप के प्रॉपर्टी डीलर ऑफिस में जुआ खेला जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर ऑफिस की घेराबंदी की और छापा मारा। अचानक पुलिस को देखकर वहां मौजूद लोगों में खलबली मच गई। टीम ने मौके से सात लोगों को पकड़ लिया और तलाशी के दौरान नकदी समेत ताश की गड्डियां और मोबाइल फोन बरामद किए।
पकड़े गए लोगों की पहचान विजय गुप्ता निवासी साकेत नगर, हिमांशु पटेल निवासी आवास विकास नौबस्ता, दीपक शुक्ला निवासी श्याम नगर, कुलदीप गुप्ता, चंद्रेश पाल, पुष्पराज उपाध्याय निवासी जरीब चौकी और गौरव विश्वकर्मा के रूप में बताई गई है। पुलिस ने सभी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
2.60 लाख रुपये की बरामदगी से बढ़ी जांच
मौके से बरामद 2.60 लाख रुपये की नकदी को लेकर पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि रकम किसकी थी और जुए में कितनी राशि दांव पर लगाई जा रही थी। तीन ताश की गड्डियां और नौ मोबाइल फोन भी पुलिस ने कब्जे में ले लिए हैं। मोबाइल फोन की जांच के जरिए पुलिस जुए के खेल से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
रेड के बाद पुलिस अब इस पूरे मामले की कड़ियां जोड़ रही है। जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि प्रॉपर्टी डीलर के ऑफिस में कथित तौर पर जुआ कब से खेला जा रहा था और क्या यहां नियमित रूप से बड़ी रकम की बाजी लगती थी। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि पकड़े गए लोगों के अलावा इस गतिविधि में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, अवैध जुआ और सट्टेबाजी के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। सूचना मिलने पर ऐसे स्थानों पर कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस बरामद सामान और पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई में जुटी है।
ये भी पढ़ें : कानपुर नगर निगम टेंडर घोटाला, जांच जारी, मत करना होशियारी!
![]()



