KANPUR NEWS : ऐतिहासिक ग्रीनपार्क स्टेडियम में शनिवार को UP T20 लीग के रोमांच पर बारिश ने पानी फेर दिया। कानपुर चरण में मेरठ मावेरिक्स और लखनऊ फाल्कन्स के बीच खेला जा रहा मुकाबला मूसलाधार बारिश की भेंट चढ़ गया। लगातार बारिश और गीली आउटफील्ड के कारण मैच दोबारा शुरू नहीं हो सका, जिसके बाद मुकाबला रद्द घोषित कर दोनों टीमों को एक-एक अंक दे दिया गया। मैच में सिर्फ 8.3 ओवर का खेल ही संभव हो सका। इसके बाद शुरू हुई तेज बारिश ने ऐसा खलल डाला कि मैदान दोबारा खेलने लायक नहीं बन सका।
टॉस जीतकर लखनऊ ने चुनी गेंदबाजी
मुकाबले में लखनऊ फाल्कन्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। मेरठ मावेरिक्स की टीम बल्लेबाजी के लिए मैदान पर उतरी और शुरुआती ओवरों में संभलकर खेलते हुए स्कोर को आगे बढ़ाया। मेरठ ने 8.3 ओवर में 2 विकेट के नुकसान पर 67 रन बना लिए थे। इसी दौरान मौसम ने करवट बदली और अचानक तेज बारिश शुरू हो गई। देखते ही देखते मैदान में पानी भर गया और खेल रोकना पड़ा।
स्वास्तिक चिकारा ने खेली नाबाद पारी
मैच रद्द होने से पहले मेरठ मावेरिक्स के बल्लेबाज स्वास्तिक चिकारा शानदार लय में नजर आए। उन्होंने 30 गेंदों का सामना करते हुए 4 चौकों और 2 छक्कों की मदद से नाबाद 39 रन बनाए। वहीं, दिव्यांश जोशी ने 17 गेंदों में 24 रन की तेज पारी खेली। अक्षय दुबे 4 रन बनाकर आउट हुए, जबकि रितुराज शर्मा बिना खाता खोले नाबाद रहे। मेरठ की पारी भले ही छोटी रही, लेकिन टीम अच्छी स्थिति में नजर आ रही थी। बारिश नहीं आती तो मुकाबला रोमांचक मोड़ पर पहुंच सकता था।
भुवनेश्वर और कृष्ण कुमार को मिली सफलता
लखनऊ फाल्कन्स की गेंदबाजी में भुवनेश्वर कुमार और कृष्ण कुमार ने एक-एक विकेट हासिल किया। दोनों गेंदबाजों ने मेरठ के बल्लेबाजों पर दबाव बनाने की कोशिश की, लेकिन बारिश के कारण मुकाबला अपने परिणाम तक नहीं पहुंच सका। तेज बारिश शुरू होने के बाद खेल रोक दिया गया। कुछ समय बाद बारिश तो थम गई, लेकिन आउटफील्ड में जमा पानी और अत्यधिक नमी के कारण मैदान खेलने के लिए सुरक्षित नहीं हो सका। मैदानकर्मियों ने आउटफील्ड को खेलने लायक बनाने की कोशिश की, लेकिन स्थिति में सुधार नहीं हुआ। आखिरकार शाम करीब 5:30 बजे अंपायरों ने मैच रद्द करने का फैसला लिया। मुकाबला रद्द होने के बाद मेरठ मावेरिक्स और लखनऊ फाल्कन्स को एक-एक अंक प्रदान किया गया।
NCC ग्रुप कमांडर ने बजाई ग्रीनपार्क की ऐतिहासिक घंटी
इससे पहले मुकाबले की शुरुआत खास अंदाज में हुई। एनसीसी ग्रुप मुख्यालय कानपुर के ग्रुप कमांडर ब्रिगेडियर प्रवीण कुमार शास्त्री ने अपनी पत्नी के साथ टॉस कराकर मैच का औपचारिक आगाज किया, इसके बाद उन्होंने ग्रीनपार्क स्टेडियम की पारंपरिक घंटी बजाकर मुकाबले का शुभारंभ किया। ग्रीनपार्क की यह घंटी क्रिकेट मैचों के विशेष अवसरों पर बजाई जाने वाली परंपरा का हिस्सा है। ब्रिगेडियर प्रवीण कुमार शास्त्री ने कहा कि ग्रीनपार्क जैसे ऐतिहासिक मैदान पर UP T20 लीग का आयोजन कानपुर के लिए गर्व की बात है। ऐसे टूर्नामेंट युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने और बड़े मंच पर खुद को साबित करने का अवसर प्रदान करते हैं।
निर्णायक दौर में पहुंचा कानपुर चरण
UP T20 लीग गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर ने कहा कि कानपुर चरण अब लीग के बेहद महत्वपूर्ण और निर्णायक दौर में पहुंच चुका है। ग्रीनपार्क जैसे ऐतिहासिक मैदान पर खेलने से युवा खिलाड़ियों को दबाव की परिस्थितियों में अपने प्रदर्शन को साबित करने का महत्वपूर्ण अनुभव मिल रहा है। मौके पर UPCA के सचिव प्रेम मनोहर गुप्ता, कोषाध्यक्ष सचिन आनंद शुक्ला, गवर्निंग काउंसिल के सदस्य संजीव कुमार सिंह और वेन्यू डायरेक्टर संजय तिवारी समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
बारिश ने भले ही शनिवार के मुकाबले का रोमांच अधूरा छोड़ दिया, लेकिन UP T20 के कानपुर चरण में आगे के मुकाबले और अधिक अहम हो गए हैं। अब दोनों टीमों को मिले एक-एक अंक अंकतालिका की तस्वीर पर भी असर डाल सकते हैं।




