उत्तर प्रदेश

लखनऊ में पहले चरण का शानदार समापन, अब ग्रीन पार्क में होगा UP T20 League का महामुकाबला

28 अगस्त से 6 सितंबर तक कानपुर में प्लेऑफ और फाइनल समेत खेले जाएंगे 12 मुकाबले, ग्रामीण अंचलों से निकले युवा क्रिकेट सितारों पर रहेगी नजर

Share

KANPUR NEWS : लखनऊ के भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में 14 अगस्त से शुरू हुआ UP T20 League Season 4 का पहला चरण 26 अगस्त को शानदार अंदाज में संपन्न हो गया। पहले चरण में उत्तर प्रदेश के अलग-अलग ग्रामीण और दूरदराज के इलाकों से आए युवा क्रिकेटरों ने अपने प्रदर्शन से जमकर सुर्खियां बटोरीं। अब लीग का सबसे रोमांचक और निर्णायक दौर कानपुर के ऐतिहासिक ग्रीन पार्क स्टेडियम में होने जा रहा है।

28 अगस्त से 6 सितंबर तक ग्रीन पार्क में क्रिकेट का रोमांच चरम पर होगा। इस दौरान प्लेऑफ मुकाबलों के साथ-साथ 6 सितंबर को ग्रैंड फिनाले खेला जाएगा। दूसरे चरण में कुल 12 मुकाबले प्रस्तावित हैं, जिनमें युवा खिलाड़ियों के पास अपनी प्रतिभा को बड़े मंच पर साबित करने का एक और मौका होगा।

पत्रकारों से मिले UPT20 चेयरमैन, जताया आभार

लखनऊ में पहले चरण के आखिरी लीग मुकाबले के दौरान एक भावुक और खास पल भी देखने को मिला। UPT20 लीग गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर मीडिया बॉक्स पहुंचे और वहां मौजूद खेल पत्रकारों व मीडिया कर्मियों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर उनका आभार जताया। डॉ. संजय कपूर ने मीडिया के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि पत्रकारों के सहयोग के बिना इस आयोजन को इतनी व्यापक पहचान और सफलता मिलना संभव नहीं था। उन्होंने कहा कि मीडिया ने उत्तर प्रदेश के दूर-दराज के क्षेत्रों से आए युवा खिलाड़ियों के प्रदर्शन को प्रमुखता से सामने रखा और उनकी प्रतिभा को प्रदेश ही नहीं, बल्कि देश-दुनिया तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

ग्रामीण प्रतिभाओं को बड़ा मंच देना लीग का मकसद

UP T20 League के पहले चरण में सबसे खास बात यह रही कि छोटे शहरों और ग्रामीण अंचलों से निकलकर आए खिलाड़ियों को बड़े क्रिकेट मंच पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिला। डॉ. संजय कपूर ने कहा कि लीग का प्रमुख उद्देश्य ऐसे गरीब और साधनहीन युवाओं को मंच उपलब्ध कराना है, जिनके पास बेहतर सुविधाओं की कमी रही है।

इकाना में युवा खिलाड़ियों के प्रदर्शन ने इस उद्देश्य को काफी हद तक साकार होते दिखाया। शुभम गौतम, कृष्णा सरोज, शक्ति वर्मा और हिमांशु जैसे खिलाड़ियों ने बड़े मंच पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया और अपनी पहचान बनाने में सफलता हासिल की। चेयरमैन ने इन खिलाड़ियों की सफलता को UP T20 League की बड़ी उपलब्धियों में शामिल किया।

इकाना के बाद अब ग्रीन पार्क की बारी

26 अगस्त को लखनऊ में पहले चरण के समाप्त होने के साथ ही अब लीग का रुख कानपुर की ओर हो गया है। टीमें और क्रिकेट प्रशंसक ऐतिहासिक ग्रीन पार्क स्टेडियम में होने वाले निर्णायक मुकाबलों के लिए तैयार हैं। 28 अगस्त से शुरू होने वाला दूसरा चरण केवल मुकाबलों का अगला पड़ाव नहीं, बल्कि खिलाड़ियों के लिए सबसे बड़ा इम्तिहान होगा। प्लेऑफ से लेकर ग्रैंड फिनाले तक हर मैच में दबाव बढ़ेगा और खिलाड़ियों के पास अपनी टीम को खिताब तक पहुंचाने के साथ-साथ व्यक्तिगत पहचान मजबूत करने का भी मौका होगा।

ग्रीन पार्क में होने वाले इन मुकाबलों को लेकर कानपुर के क्रिकेट प्रेमियों में भी खासा उत्साह है। लीग के पहले चरण में जिस तरह युवा खिलाड़ियों ने अपनी बल्लेबाजी और गेंदबाजी से प्रभावित किया, उससे दूसरे चरण में भी रोमांचक क्रिकेट की उम्मीद बढ़ गई है। अब नजरें इस बात पर रहेंगी कि इकाना में चमके युवा सितारे ग्रीन पार्क की पिच पर कितना दम दिखाते हैं और कौन-सी टीम UP T20 League Season 4 के फाइनल तक पहुंचकर खिताब अपने नाम करती है।

ये ख़बर भी पढ़ें : KANPUR NEWS : तुम्हारा दिमाग खराब हो गया है, ऐतिहासिक घाट में घटिया निर्माण देख भड़के सांसद, अफसर को लगाई फटकार


 

india News 24x7

More from this author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Enable Notifications OK No thanks