उत्तर प्रदेश

UNNAO NEWS :रक्षाबंधन से पहले मिलावटखोरों पर खाद्य विभाग का शिकंजा, जिले में मिठाई की दो इकाइयां बंद, 1.84 लाख का मिलावटी माल नष्ट

Share

UTTAR PRADESH / UNNAO : उन्नाव में त्योहारों से पहले खाद्य पदार्थों में मिलावट के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। औरास थाना क्षेत्र में शुक्रवार को दिनभर चले अभियान में खाद्य विभाग की टीम ने मिठाई बनाने और बेचने वाले तीन ठिकानों पर छापेमारी की। इस दौरान टीम को कई जगह खाद्य सामग्री के मानकों और लाइसेंस से जुड़े नियमों का उल्लंघन मिला। कार्रवाई के दौरान करीब 1 लाख 84 हजार 600 रुपये कीमत की मिठाई, खोया, वनस्पति, दूध, चीनी का घोल और अन्य सामग्री नष्ट कराई गई।


इसके अलावा करीब 49 हजार 720 रुपये कीमत का 112 किलो स्किम्ड मिल्क पाउडर सीज किया गया। खाद्य विभाग ने अलग-अलग प्रतिष्ठानों से कुल नौ खाद्य पदार्थों के नमूने लिए हैं। सभी नमूनों को जांच के लिए राज्य प्रयोगशाला भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

कार्रवाई सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय प्रियंका सिंह के नेतृत्व में की गई। टीम सबसे पहले रामपुर गड़उवा निवासी पवन गुप्ता के परिसर में पहुंची। यहां मिठाई निर्माण में इस्तेमाल होने वाले खोया, वनस्पति और दूध के नमूने लिए गए। जांच के दौरान सामने आया कि परिसर में खाद्य कारोबार बिना जरूरी रजिस्ट्रेशन या लाइसेंस के संचालित किया जा रहा था। टीम ने मौके से 20 किलो खोया और 15 किलो वनस्पति नष्ट कराया। इसके बाद संबंधित परिसर को बंद करा दिया गया।


इसके बाद टीम ने इसी गांव में राम विलास के परिसर में जांच की। यहां छेना मिठाई, स्किम्ड मिल्क पाउडर और दूध के नमूने लिए गए। निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन के साथ बिना लाइसेंस मिठाई निर्माण की बात सामने आई। कार्रवाई के दौरान 510 किलो छेना मिठाई, 10 क्विंटल चीनी का घोल और करीब 200 लीटर दूध नष्ट कराया गया। यहां से 16 किलो स्किम्ड मिल्क पाउडर भी सीज किया गया। विभाग ने इस इकाई को भी बंद करा दिया।

खाद्य विभाग की टीम ने जनता ट्रेडर्स पर भी छापा मारा। यहां स्किम्ड मिल्क पाउडर और छेना मिठाई के नमूने लिए गए। जांच के दौरान 96 किलो स्किम्ड मिल्क पाउडर सीज किया गया, जिसकी कीमत करीब 43 हजार रुपये बताई गई है। इसके अलावा 212 किलो छेना मिठाई भी नष्ट कराई गई। प्रतिष्ठान संचालक को खाद्य मानकों में सुधार के लिए नोटिस जारी किया गया है।


खाद्य विभाग के मुताबिक, पूरी कार्रवाई में नष्ट कराई गई सामग्री की कीमत 1,84,600 रुपये, जबकि सीज सामग्री की कीमत 49,720 रुपये है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि नमूनों की प्रयोगशाला रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के तहत आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

सहायक आयुक्त प्रियंका सिंह ने बताया कि त्योहारों को देखते हुए मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से समझौता करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजेन्द्र प्रसाद, आशीष कुमार वर्मा, महेश कुमार, पंकज कुमार यादव और वीरन सिंह मौजूद रहे। शुक्रवार को हुई इस कार्रवाई से मिठाई और खाद्य कारोबार से जुड़े लोगों में पूरे दिन हड़कंप की स्थिति बनी रही।

ये भी पढ़ें : KANPUR CRIME NEWS : कानपुर में लिफ्ट के बहाने बाला लूटने वाला बदमाश एनकाउंटर में दबोचा, पैर में लगी गोली 


 

india News 24x7

More from this author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

↑
Enable Notifications OK No thanks