कानपुर, 28 अगस्त 2026 : यूपी टी-20 लीग सीजन-4 के कानपुर चरण का आगाज शुक्रवार को ग्रीन पार्क स्टेडियम में शानदार मुकाबले के साथ हुआ। पहले ही मैच में काशी रुद्रास ने कप्तान करन शर्मा के तूफानी शतक और गेंदबाज विजय यादव की शानदार गेंदबाजी के दम पर नोएडा किंग्स को 67 रन से करारी शिकस्त दी। लगातार चार हार के बाद काशी रुद्रास के लिए यह जीत बेहद महत्वपूर्ण रही। ग्रीन पार्क स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में नोएडा किंग्स ने टॉस जीतकर काशी रुद्रास को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। काशी ने इस मौके का भरपूर फायदा उठाते हुए निर्धारित 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 217 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी नोएडा किंग्स की टीम 18.4 ओवर में 150 रन बनाकर ऑलआउट हो गई।
करन शर्मा का तूफानी शतक, गेंदबाजों की जमकर धुनाई
काशी रुद्रास की पारी की सबसे बड़ी खासियत कप्तान करन शर्मा का शानदार शतक रहा। करन ने महज 51 गेंदों पर 102 रन की विस्फोटक पारी खेली। उनकी पारी में 11 चौके और 5 गगनचुंबी छक्के शामिल रहे। उन्होंने शुरुआत से ही नोएडा किंग्स के गेंदबाजों पर दबाव बनाए रखा और तेजी से रन बटोरते हुए टीम को बड़े स्कोर की ओर पहुंचाया। करन शर्मा ने अभिषेक गोस्वामी के साथ मिलकर पहले विकेट के लिए 102 रन की शानदार साझेदारी की। अभिषेक ने भी कप्तान का बेहतरीन साथ निभाया और 34 गेंदों पर 11 चौकों की मदद से 63 रन की शानदार पारी खेली।
अभिषेक गोस्वामी को 10वें ओवर की तीसरी गेंद पर कार्तिक सिद्धू ने बॉबी के हाथों कैच कराकर पवेलियन भेजा। इसके बाद विराट जायसवाल ज्यादा देर क्रीज पर नहीं टिक सके और 2 रन बनाकर आउट हो गए। साहब युवराज सिंह ने 6 गेंदों पर 9 रन का योगदान दिया।
आखिरी ओवर तक बरसे करन
कप्तान करन शर्मा ने शुभम चौबे के साथ चौथे विकेट के लिए भी 42 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी की। शुभम चौबे ने 14 गेंदों पर 17 रन बनाए। करन शर्मा आखिरी ओवर की पहली गेंद पर आउट हुए, लेकिन तब तक वह काशी रुद्रास के लिए विशाल स्कोर की मजबूत नींव रख चुके थे। काशी रुद्रास ने निर्धारित 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 217 रन बनाए। नोएडा किंग्स की ओर से नमन तिवारी और बॉबी यादव ने दो-दो विकेट हासिल किए।

218 रन के लक्ष्य के सामने लड़खड़ाई नोएडा किंग्स
218 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी नोएडा किंग्स को शोएब सिद्दीकी और माधव कौशिक ने शुरुआत दिलाने की कोशिश की, लेकिन काशी के गेंदबाजों ने लगातार अंतराल पर विकेट निकालकर दबाव बनाए रखा। शोएब सिद्दीकी पांचवें ओवर की तीसरी गेंद पर ऋषभ राजपूत की गेंद पर साहब युवराज सिंह को कैच दे बैठे। इसके बाद बल्लेबाजी करने आए अनिवेश चौधरी महज 3 रन बनाकर विजय यादव की गेंद पर क्लीन बोल्ड हो गए। रवि सिंह भी 6 रन बनाकर एलबीडब्ल्यू आउट हुए। आदित्य शर्मा ने 15 रन बनाए, लेकिन अटल बिहारी राय की गेंद पर विकेट के पीछे उपेंद्र यादव को कैच दे बैठे।
माधव कौशिक ने दिखाया संघर्ष
नोएडा किंग्स की ओर से माधव कौशिक ने सबसे ज्यादा संघर्ष किया। उन्होंने 29 गेंदों पर 2 चौकों और 4 छक्कों की मदद से 42 रन की पारी खेली और टीम को लक्ष्य के करीब ले जाने की कोशिश की। हालांकि विजय यादव की गेंद पर कार्तिक यादव को कैच देकर उनकी पारी समाप्त हो गई। शिवा सिंह ने 14 रन बनाए, जबकि कार्तिक सिद्धू केवल 1 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। कप्तान प्रशांत वीर ने 23 रन का योगदान दिया। वंश खाता भी नहीं खोल सके। काशी रुद्रास की ओर से विजय यादव सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने अपने चार ओवर के स्पेल में महज 23 रन देकर 4 विकेट चटकाए। ऋषभ राजपूत ने 3 विकेट हासिल किए, जबकि अटल बिहारी राय को 2 विकेट मिले। इन गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के सामने नोएडा किंग्स की पूरी टीम 18.4 ओवर में 150 रन पर सिमट गई।
ग्रीन पार्क में पारंपरिक अंदाज में हुआ कानपुर चरण का शुभारंभ
यूपी टी-20 लीग सीजन-4 के कानपुर चरण के पहले मुकाबले की औपचारिक शुरुआत कानपुर के सांसद रमेश अवस्थी ने टॉस कराकर और पारंपरिक ढंग से घंटा बजाने की रस्म के साथ की। इसके साथ ही ग्रीन पार्क स्टेडियम में लीग के निर्णायक चरण का भी विधिवत आगाज हुआ। इस मौके पर सांसद रमेश अवस्थी ने कहा कि कानपुर में यूपी टी-20 लीग के निर्णायक मुकाबलों की शुरुआत शहर के क्रिकेट प्रेमियों के लिए बेहद खुशी की बात है। ग्रीन पार्क जैसे ऐतिहासिक मैदान पर लीग के मुकाबले होने से युवा खिलाड़ियों को बड़े मंच पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा और शहर में क्रिकेट का माहौल और मजबूत होगा।
/खबर का वीडियो देखने के लिए क्लिक करें : सौजन्य : MP रमेश अवस्थी FACEBOOK PAGE
निर्णायक दौर में पहुंची लीग
यूपी टी-20 लीग गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर ने कहा कि कानपुर चरण लीग के लिए बेहद महत्वपूर्ण है, क्योंकि मुकाबले अब निर्णायक दौर में पहुंच चुके हैं। ग्रीन पार्क की ऐतिहासिक विरासत और कानपुर के क्रिकेट प्रेमियों के उत्साह के बीच खिलाड़ियों को अपनी क्षमता साबित करने का शानदार मंच मिलेगा। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव प्रेम मनोहर गुप्ता, कोषाध्यक्ष सचिन आनंद शुक्ला, यूपी टी-20 लीग गवर्निंग काउंसिल के सदस्य संजीव कुमार सिंह सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
काशी के लिए राहत लेकर आई बड़ी जीत
काशी रुद्रास के लिए यह जीत इसलिए भी अहम रही क्योंकि टीम लगातार चार मुकाबले हारने के बाद मैदान पर उतरी थी। कप्तान करन शर्मा की शतकीय पारी ने जहां बल्लेबाजी में टीम को मजबूत आधार दिया, वहीं विजय यादव की चार विकेट की शानदार गेंदबाजी ने नोएडा किंग्स की उम्मीदों पर पानी फेर दिया। 217 रन के विशाल स्कोर के जवाब में नोएडा किंग्स 150 रन पर ऑलआउट हो गई और काशी रुद्रास ने मुकाबला 67 रन से अपने नाम कर लिया। करन शर्मा की शतकीय पारी और विजय यादव की धारदार गेंदबाजी ने कानपुर चरण के पहले मुकाबले को यादगार बना दिया।
ये भी पढ़ें : नोएडा किंग्स ने डिफेंडिंग चैंपियन काशी रुद्रास को 5 विकेट से हराया, लगातार चौथी हार से संकट में चैंपियन




